बिहार

भोजपुर में दुर्गा पूजा के 2 पंडालों में लगी आग, इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

डेस्क: बिहार के भोजपुर में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात दुर्गा पूजा के दो पंडालों में आग लगने के बाद इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अवधेश कुमार दीक्षित ने बताया कि घटना नगर थाना क्षेत्र के भुलहीपुर मोहल्ले में हुई। उन्होंने कहा, “दुर्गा पूजा के दो पंडालों में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे कुछ असामाजिक तत्वों का हाथ है।” दीक्षित ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में घटना का कोई सांप्रदायिक पहलू सामने नहीं आया है।

स्थानीय लोगों ने दावा किया कि घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। एसपी ने कहा, “हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और पूजा आयोजकों से भी स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *