राष्ट्रीय

सरकारी स्कूल में बच्चों के खाने में मरी हुई छिपकली मिलने से हड़कंप ! 13 बच्चे पड़े बीमार, उठे सवाल

डेस्क: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां बच्चों के खाने में छिपकली निकलने से हड़कंप मच गया। भोजन करने के बाद 13 बच्चे एक साथ बीमार हो गए। घटना ने आवासीय विद्यालय में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खाने में छिपकली मिलने से मचा हड़कंप
शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय में बड़ी संख्या में बच्चे रहकर पढ़ाई करते हैं। ऐसे में बच्चों के भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। लेकिन भोजन में छिपकली मिलने और इसके बाद 13 बच्चों के बीमार होने की घटना ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि बच्चों के लिए भोजन तैयार करते समय और उसे परोसने से पहले उसकी जांच क्यों नहीं की गई? अगर भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित निगरानी की जा रही थी, तो खाने में छिपकली कैसे पहुंच गई? क्या भोजन बनाने वाली रसोई में साफ-सफाई के मानकों का पालन किया जा रहा था?
बच्चों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार कौन?
आवासीय विद्यालय में रहने वाले बच्चे भोजन के लिए स्कूल प्रबंधन और वहां की व्यवस्था पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। इस घटना के बाद यह जांचना जरूरी है कि भोजन कहां तैयार किया गया, उसकी गुणवत्ता की जांच किस स्तर पर हुई और उसे बच्चों को परोसने से पहले किन सुरक्षा मानकों का पालन किया गया।कुला मिलाकर इस घटना ने सरकारी आवासीय विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों को पौष्टिक और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उनकी सेहत और सुरक्षा से जुड़ा अहम दायित्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *