राष्ट्रीय

बड़ा तोहफा देने की तैयारी में योगी सरकार? बुजुर्गों और दिव्यांगों की बढ़ सकती है पेंशन

डेस्क: उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के करीब 60 हजार ग्राम प्रहरियों के मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत उनका मासिक मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये किया जा सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 अक्टूबर को बरेली पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करेंगे और मानदेय वृद्धि की घोषणा कर सकते हैं। प्रस्तावित वृद्धि लागू होने पर ग्राम प्रहरियों को वर्तमान की तुलना में प्रतिमाह एक हजार रुपये अधिक मिलेंगे।

ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस को स्थानीय सूचनाएं उपलब्ध कराने और गांवों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को उनके कार्यों के लिए आर्थिक सहायता बढ़ाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। इस बीच, प्रदेश सरकार वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांगजन पेंशन की राशि बढ़ाने की भी तैयारी कर रही है।

प्रस्ताव के अनुसार, इन योजनाओं के तहत मिलने वाली मासिक पेंशन को एक हजार रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये करने पर विचार किया जा रहा है। इससे प्रदेश के सवा करोड़ से अधिक पेंशन लाभार्थियों को फायदा मिल सकता है। हालांकि, पेंशन में वृद्धि को लेकर अभी औपचारिक घोषणा और अंतिम निर्णय का इंतजार है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो पात्र लाभार्थियों को वर्तमान में मिल रही राशि से 500 रुपये अधिक प्रतिमाह मिल सकेंगे। ग्राम प्रहरियों के मानदेय और सामाजिक सुरक्षा पेंशन में प्रस्तावित वृद्धि से जुड़े फैसलों पर अब सबकी नजरें 13 अक्टूबर को बरेली में होने वाले कार्यक्रम पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *