डेस्क: उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या करने के उद्देश्य से गंदे नाले में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फायर सर्विस तथा एनडीआरएफ की टीम के साथ मिलकर नाले में सर्च अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
नोएडा अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्र ने गुरुवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को सेक्टर-39 थाना पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यक्ति गंदे नाले में कूद गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। नाले में कूदने वाले युवक की पहचान रवि पुत्र विनोद के रूप में हुई। वह मूल रूप से ग्राम जैनपुरा, थाना जलेसर, जनपद एटा का रहने वाला था। वर्तमान में वह हरौला क्षेत्र में रह रहा था। युवक की उम्र करीब 29 वर्ष बताई गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत फायर सर्विस यूनिट और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल को भी मौके पर बुलाया। तीनों टीमों ने संयुक्त रूप से नाले में सर्च अभियान चलाया। नाले में पानी और गंदगी होने के कारण तलाशी अभियान में टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अभियान के दौरान युवक का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में मृतक की पत्नी ने बताया कि शराब पीने को लेकर उसका अपने पति रवि से विवाद हुआ था। विवाद के बाद रवि गुस्से में घर से निकल गया और कुछ समय बाद सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचकर नाले में कूद गया। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


