नई दिल्ली

कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कर्मियों से कथित मारपीट, वीडियोज की जांच कर रही दिल्ली पुलिस

डेस्क: दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर के पास कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों और कांस्टेबलों समेत अपने कर्मियों से कथित तौर पर मारपीट किए जाने से जुड़े कई वीडियो की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि मोबाइल फोन पर बनाए गए इन वीडियो की जांच कर उन प्रदर्शनकारियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, जो कथित तौर पर इन घटनाओं में शामिल थे। साथ ही घटनाक्रम का भी पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने और उनके कर्तव्यों के निर्वाह में बाधा डालने समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सकती है।
सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर हाथापाई करने या उनके काम में बाधा डालने वालों की पहचान के लिए पुलिस अन्य स्रोतों से मिले वीडियो फुटेज की भी जांच कर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ने अपने समर्थकों के साथ मंगलवार और बुधवार को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में प्रदर्शन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *