उत्तर प्रदेश

देश के रक्षक पर दबंगों का कहर… बाइक टच होते ही काटी जवान की नाक, 2 दबोचे गए

डेस्क: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर में बाइक टकराने के विवाद में करीब आधा दर्जन लोगों ने भारतीय सेना में तैनात एक जवान के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उसकी नाक काट दी। घटना में घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

जेवर थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि अलीगढ़ जिले के रहने वाले रॉकी तालान बुधवार शाम बाइक से जेवर कस्बा आए थे। उन्होंने बताया कि आर एंड आर टाउनशिप के पास उनकी बाइक कुछ युवकों की मोटरसाइकिल से टकरा गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। उन्होंने बताया कि इसी दौरान मौके पर पहुंचे करीब आधा दर्जन लोगों ने तालान के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उनकी नाक काट दी। घायल जवान को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद गुरुवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित की शिकायत पर करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तालान भारतीय सेना में सियाचिन में तैनात हैं और फिलहाल छुट्टी पर घर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *