दरभंगा

राजकीय डिग्री महाविद्यालय कोलहंटा पटोरी में निर्माणाधीन भवन कार्यों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

केंद्रीय विद्यालय एवं डिग्री कॉलेज में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की ली जानकारी,गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

 

 

दरभंगा, 03 अक्टूबर 2026 :-जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कोलहंटा पटोरी में चल रहे भवन निर्माण कार्यों तथा परिसर में संचालित शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया गया।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय डिग्री महाविद्यालय के निर्माणाधीन भवन के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया तथा निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने भवन निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री, निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति तथा अब तक पूर्ण किए गए कार्यों की स्थिति के संबंध में बारीकी से जानकारी ली।

 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप तेजी से पूर्ण कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र ही बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

 

जिलाधिकारी द्वारा केंद्रीय विद्यालय में चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने विद्यालय परिसर में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, निर्माणाधीन/चल रहे कार्यों तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

 

उन्होंने विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसर की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यों को समन्वय के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के अवसर पर सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री विद्यानंद ठाकुर सहित संबंधित पदाधिकारी, अभियंता एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *