दरभंगा

बिहार राज्य मदरसा सुदृढ़ीकरण योजना के तहत दरभंगा के आठ मदरसों के विकास हेतु 16.15 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मिली स्वीकृति

मूलभूत सुविधाओं, आधारभूत संरचना एवं शैक्षणिक सुधार के लिए जिला स्तरीय अनुमोदन समिति ने प्रस्ताव किया अनुमोदित

 

दरभंगा, 03 अक्टूबर 2026 :- बिहार राज्य मदरसा सुदृढ़ीकरण योजनान्तर्गत प्राप्त प्रस्तावों पर विचार एवं अनुमोदन हेतु जिला स्तरीय अनुमोदन समिति की बैठक जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला स्तरीय अनुमोदन समिति, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित की गई।

 

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा आठ मदरसों से प्राप्त प्रस्तावों के *नजरी नक्शा, एलपीसी एवं मदरसा बोर्ड से प्राप्त प्रस्वीकृति पत्र* का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया।

 

समीक्षा के उपरांत आठ मदरसों में मूलभूत सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना के विकास तथा शैक्षणिक सुधार के लिए कुल *₹16,15,45,530.00 (सोलह करोड़ पंद्रह लाख पैंतालीस हजार पाँच सौ तीस रुपये)* के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया।

 

*इन मदरसों के लिए स्वीकृत हुआ प्रस्ताव*

 

जिला स्तरीय अनुमोदन समिति द्वारा केवटी प्रखण्ड के मदरसा मुफ्ताहुल उलूम, त्रिमुहान, सिंहवाड़ा प्रखण्ड के फलाइहुल मुस्लिमीन मदरसा, कन्हौली, एवं मदरसा बसतुन्नूर उलूम, टेकटार, कुशेश्वरस्थान प्रखण्ड के मदरसा सेफातुल इस्लाम बरी, एवं मदरसा अशरफुल उलूम, गोठानी, जाले प्रखण्ड के मदरसा कासिमुल उलूम हुसैनिया, दोघरा, हायाघाट प्रखण्ड के मदरसा मदरसातुल बनात, चन्दनपट्टी तथा बहेड़ी प्रखण्ड के मदरसा अमीनिया अजीजुल उलूम, लक्ष्मीपुर वकराईपुर, जोगरजा के प्रस्ताव अनुमोदित किया गया है।

 

*विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का होगा विकास*

 

स्वीकृत प्रस्ताव के तहत मदरसों में *वर्ग कक्ष, शौचालय, प्रायोगिक कक्ष, कम्प्यूटर रूम, पुस्तकालय, रसोईघर, छात्रावास हॉल, वोकेशनल प्रशिक्षण हॉल, बहुउद्देशीय भवन, सीढ़ी एवं प्राचार्य कक्ष* आदि के निर्माण एवं विकास का प्रावधान किया गया है।

 

इस योजना का उद्देश्य मदरसों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करते हुए शैक्षणिक वातावरण में सुधार एवं विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

 

बैठक में सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, दरभंगा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (भवन), जिला लीड मदरसा के प्रधानाध्यापक एवं संबंधित मदरसों की प्रबंध समिति के सचिव उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *