बिहार

बिहार : पीएम मोदी और नीतीश कुमार की दिखी जबरदस्त बॉन्डिंग, गले मिलकर किया अभिवादन

डेस्क:बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के नामकरण को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बीच एक बार फिर मजबूत आपसी तालमेल और विश्वास की झलक देखने को मिली। प्रधानमंत्री के एक दिवसीय बिहार दौरे के दौरान पटना हवाई अड्डे पर दोनों नेताओं की मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों ने गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाया और काफी प्रसन्न नजर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने बिहार दौरे की शुरुआत करने पटना पहुंचे। हवाई अड्डे पर नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात का अंदाज खासा चर्चा में रहा। नीतीश कुमार को देखते ही प्रधानमंत्री मोदी ने गर्मजोशी दिखाई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया और हाथ पकड़कर अभिवादन किया। इस दौरान दोनों के चेहरे पर मुस्कान थी। उनकी मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आईं, जिनमें दोनों नेताओं के बीच सहजता और आत्मीयता साफ दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने नीतीश कुमार के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “पटना हवाई अड्डे पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।” प्रधानमंत्री की इस पोस्ट के साथ साझा की गई तस्वीरों में नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी एक-दूसरे के गले मिलते और हाथ थामकर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों को बिहार की राजनीति में दोनों नेताओं के बीच संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन किया। इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। इसके नामकरण को लेकर बिहार में राजनीतिक बयानबाजी भी हुई थी। हालांकि, प्रधानमंत्री के पटना पहुंचने पर नीतीश कुमार के साथ उनकी गर्मजोशी भरी मुलाकात ने राजनीतिक हलकों का ध्यान खींचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *