डेस्क: कर्ज के बोझ से दबे एक 40 साल के व्यक्ति ने पैसे ऐंठने का ऐसा रास्ता चुना, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। अपने ऊपर चढ़े भारी कर्ज को उतारने के लिए उसने किसी और को नहीं, बल्कि अपने ही पिता को निशाना बनाया। उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर खुद के ही Kidnapping की झूठी कहानी रची और फिरौती के तौर पर 90 लाख रुपये की मांग कर डाली। हालांकि, उसकी यह चालाकी ज़्यादा दिन नहीं टिक सकी। Technical Surveillance की मदद से पुलिस ने उसे हासन ज़िले के बेलूर के पास से सकुशल ढूंढ निकाला और पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पैसों का लेनदेन बताकर निकला था घर से
पुलिस के अनुसार, मनीष नाम का यह व्यक्ति 29 सितंबर की रात बेंगलुरु स्थित अपने घर से निकला था। उसने अपने परिवार को बताया था कि वह पैसों के किसी लेनदेन के सिलसिले में गदग जा रहा है। उसने परिजनों को यह भी कहा था कि वह रात 11:40 बजे की ट्रेन पकड़ेगा और अगली सुबह पहुंचकर उन्हें फोन करेगा।
अगले ही दिन आया फिरौती का WhatsApp कॉल
जब 30 सितंबर की सुबह तक मनीष का कोई फोन नहीं आया, तो परिवार चिंतित हो गया। इसके बाद सुबह लगभग 8:30 बजे मनीष के ही फोन से परिजनों को एक WhatsApp कॉल आया। कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरे लहजे में बताया कि मनीष का अपहरण कर लिया गया है। उसने साफ कहा कि अगर मनीष को सही-सलामत देखना चाहते हो, तो तुरंत 90 लाख रुपये की फिरौती देनी होगी।
पुलिस की तकनीकी निगरानी से खुली पोल
घबराए परिजनों ने तुरंत इस मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन व तकनीकी निगरानी का सहारा लिया। ट्रैकिंग के ज़रिए पुलिस हासन ज़िले के बेलूर स्थित एक गांव के मकान तक जा पहुंची। 1 अक्टूबर की सुबह जब पुलिस ने उस ठिकाने पर छापेमारी की, तो मनीष वहां सही-सलामत मिला। उसके साथ इस पूरी साज़िश में शामिल उसके दो दोस्तों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बिज़नेस में घाटा
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में पूरी सच्चाई सामने आ गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मनीष को हाल ही में एक बिज़नेस ट्रांज़ैक्शन में बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ था। वह जल्द से जल्द कर्ज चुकाने का कोई रास्ता तलाश रहा था। जब कोई उपाय नहीं सूझा, तो उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही पिता से 90 लाख रुपये ऐंठने के लिए खुद के किडनैपिंग का यह नाटक रचा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर मनीष और उसके दोनों साथियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


