डेस्क: मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में तहसील के पास स्थित वेयरहाउस से 24 ईवीएम चोरी हो गई है। इनमें 8 बैलेट, 16 कंट्रोल यूनिट हैं। बताया जा रहा है कि ये मशीनें 2014 से स्थानीय चुनावों के लिए सुरक्षित रखी गई थी। अनूपपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। दर्ज शिकायत के अनुसार 16 मार्च 2026 को वेयरहाउस में निरीक्षण के दौरान 620 कंट्रोल यूनिट और 1,620 बैलेट यूनिट पाई गई थीं।
जानकारी के मुताबिक, जर्जर तहसील भवन के डिस्मेंटल के दौरान ईवीएम कक्ष की पिछली दीवार टूटी मिली। 21 सितंबर को ईवीएम नए तहसील कार्यालय में शिफ्ट की गईं और 24 से 28 सितंबर तक चले भौतिक सत्यापन के दौरान आठ बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट कम मिलीं। इस प्रकार कुल 24 ईवीएम गायब पाई गईं। आशंका है कि तहसील भवन के डिसमेंटल के दौरान अज्ञात चोरों ने मशीनें चोरी कर लीं। इस संबंध में बुधवार 30 सितंबर को प्राथमिक विद्यालय सीतापुर के सहायक शिक्षक फूल सिंह, अनूपपुर तहसीलदार वेद प्रकाश सिंह व सहायक शिक्षक संजय निगम ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि ईवीएम मशीनों के न मिलने की शिकायत प्राप्त हुई है। इन मशीनों के सीरियल नंबर भी शिकायत में दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
खास बात यह कि चोरी ऐसे समय में हुई है जब मध्य प्रदेश के 103 पदों पर उपचुनाव संपन्न हुए हैं। ऐसे में राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
बता दें कि मध्यप्रदेश में पंचायत उपचुनाव के तहत 29 सितंबर मंगलवार को 103 पदों के लिए मतदान हुआ है। इनमें 04 पंच, 79 सरपंच, 15 जनपद पंचायत सदस्य और पांच जिला पंचायत सदस्य पद शामिल हैं।
पंचायत उपचुनाव में सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों की मतगणना तीन अक्टूबर को सुबह आठ बजे से विकासखंड मुख्यालयों पर होगी। सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य पदों के परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला पंचायत सदस्य और पंच पदों के परिणाम पांच अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। हालांकि नर्मदापुरम जिले की सांवलखेड़ा, मिसरोद और फरीदपुर पंचायतों की मतगणना 30 सितंबर को तहसील कार्यालय में होगी।


