डेस्क: अमेरिका और ईरान (America and Iran) के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने रविवार को तेहरान को चेतावनी दी कि यदि नए साल तक दोनों देशों के बीच कोई समझौता नहीं होता है तो अमेरिका ईरान पर दोबारा सैन्य हमला करने पर विचार कर सकता है। ट्रंप ने यह भी साफ कर दिया कि अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश करने वाले ईरानी तेल टैंकरों को बख्शा नहीं जाएगा।
ट्रंप ने ईरान के वार्ताकारों पर बातचीत को बेवजह लंबा खींचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि ईरान बातचीत तो करता है, लेकिन ऐसा कोई प्रस्ताव सामने नहीं रखता जिसे अमेरिका स्वीकार कर सके। फॉक्स न्यूज के मुताबिक, ट्रंप ने ईरानी वार्ताकारों की आलोचना करते हुए कहा कि वे लगातार बातें करते रहते हैं, लेकिन उनके प्रस्तावों में कोई ठोस बात नहीं होती।
नाकेबंदी तोड़ने वाले जहाजों को डुबोने की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को चेताया कि यदि उसके जहाज अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश करते हैं तो उन्हें डुबो दिया जाएगा। दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची पहले ही कह चुके हैं कि यदि अमेरिका अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत ईरान की शर्तें स्वीकार करता है तो उनका देश स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलने में मदद कर सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान का रुख है कि मौजूदा विवाद को सुलझाने के लिए अमेरिका को अपनी गलतियां स्वीकार करनी होंगी और पहले किए गए वादों का सम्मान करना होगा। ऐसे में दोनों देशों के बीच बातचीत में सहमति बनने की राह फिलहाल आसान नजर नहीं आ रही है।
ट्रंप का दावा- ईरान ने बढ़ाए ड्रोन और मिसाइल हमले
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए मिडटर्म चुनाव और ईरान के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव से पहले उन्होंने जो बातें कही थीं, वे अब सही साबित हो रही हैं। ट्रंप के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में ईरान ने पिछले एक साल की तुलना में अधिक ड्रोन और मिसाइलें दागी हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने इन सभी हमलों को नाकाम कर दिया और अमेरिका को कोई नुकसान नहीं हुआ।
तेल की कीमतों को लेकर डेमोक्रेट्स पर निशाना
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने पोस्ट में डेमोक्रेट्स और ईरान पर तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची बनाए रखने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। ट्रंप का दावा है कि चुनाव के बाद तेल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक गिर गईं, लेकिन मतदाता इस बदलाव के पीछे की बात समझ नहीं पाए।
ट्रंप की ताजा चेतावनियों से साफ है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के बजाय और बढ़ सकता है। नए साल तक समझौता नहीं होने की स्थिति में सैन्य कार्रवाई की संभावना जताकर ट्रंप ने तेहरान पर दबाव बढ़ाने का संकेत दिया है।



