अंतरराष्ट्रीय

अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन के बालों का गुच्छा 4,000 डॉलर में नीलाम

डेस्क: अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन (George Washington) के बालों का एक गुच्छा नीलामी में 4,000 डॉलर (करीब 3.71 लाख रुपये) में बिका है। शनिवार को हुई नीलामी में इसे खरीदने वाले व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की गई है। ऐतिहासिक महत्व रखने वाले इन बालों का संबंध वॉशिंगटन (Washington) की मृत्यु से कुछ समय पहले आयोजित एक भोज से बताया जाता है।
रिचमंड ऑक्शन के मुताबिक, ये बाल कभी जॉन गैड्स्बी के पास थे, जिन्होंने वर्ष 1799 में जॉर्ज वॉशिंगटन के लिए भोज आयोजित किया था। बालों को एक फ्रेम में सजाकर रखा गया था। बाद में संग्रहकर्ता जॉन के. लैटिमर ने इन्हें गैड्स्बी के परिवार के एक सदस्य से प्राप्त किया था।
वर्जीनिया के अलेक्जेंड्रिया निवासी जॉन गैड्स्बी ने 1798 और 1799 में वॉशिंगटन के जन्मदिन समारोहों की मेजबानी भी की थी। वॉशिंगटन के बालों से जुड़ी इस ऐतिहासिक वस्तु का विवरण गैड्स्बी की पोती जूलिया टेन आइक मैकब्लेयर के वर्ष 1928 के लिखित बयान में मिलता है, जिसे रिचमंड ऑक्शन की वेबसाइट पर भी प्रकाशित किया गया है।
मैकब्लेयर ने अपने बयान में लिखा था कि उनके दादा की वॉशिंगटन से मित्रता और मेलजोल था, जिसके चलते उन्हें उनके बाल प्राप्त हुए थे। बालों को फ्रेम में सजाकर घर में वॉशिंगटन की तस्वीर के नीचे टांग दिया गया था। उन्होंने बताया कि बचपन से ही वह इन बालों को वहां देखती आई थीं।

2021 में तीन बाल 40 हजार डॉलर में बिके
वॉशिंगटन के बालों की नीलामी का यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2021 में उनके तीन बाल करीब 40 हजार डॉलर में नीलाम हुए थे। माना जाता है कि ये बाल उनकी मृत्यु के आसपास या उसके बाद काटे गए थे और उन्हें एक लॉकेट में सुरक्षित रखा गया था। उनके बालों के कई नमूने आज भी संरक्षित हैं। माउंट वर्नोन स्थित उनके ऐतिहासिक आवास के संग्रहालय में बालों के कम से कम 50 नमूने रखे गए हैं।
19वीं सदी में बालों को यादगार के तौर पर सहेजने की परंपरा
माउंट वर्नोन की वेबसाइट पर प्रकाशित एक ब्लॉग के अनुसार, 19वीं सदी में लोग अपने मित्रों और परिजनों के बालों को स्मृति चिह्न के रूप में सहेजकर रखते थे। विशेषकर संपन्न परिवारों में यह परंपरा प्रचलित थी। बालों को फ्रेम या लॉकेट में सजाकर रखा जाता था। वॉशिंगटन के बालों का यह गुच्छा भी इसी परंपरा का उदाहरण माना जाता है।
वॉशिंगटन से जुड़ी अन्य ऐतिहासिक वस्तुएं भी नीलामी में ऊंची कीमत हासिल कर चुकी हैं। जुलाई में वर्ष 1776 में लिखी उनकी एक चिट्ठी 1,09,800 डॉलर में बिकी थी। इस पत्र में उन्होंने ब्रिटिश सेना के खिलाफ लड़ाई के लिए कॉन्टिनेंटल आर्मी में सैनिकों की भर्ती की अपील की थी।
जॉर्ज वॉशिंगटन ने अमेरिकी स्वतंत्रता संग्राम में सेना का नेतृत्व किया था। ब्रिटेन के खिलाफ जीत के बाद उन्होंने अमेरिकी संविधान के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1788 में वह अमेरिका के पहले राष्ट्रपति बने और दो कार्यकाल पूरे करने के बाद 1797 में पद छोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *