यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्य में तेजी लाने एवं शेष अतिक्रमण को शीघ्र हटाने का दिया निर्देश

दरभंगा, 02 अक्टूबर 2026 :-जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज लोहिया चौक से पांडसराय गुमटी तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क चौड़ीकरण कार्य की प्रगति, निर्माण की स्थिति तथा कार्य में आ रही विभिन्न बाधाओं की विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं से ली।
उल्लेखनीय है कि लोहिया चौक से पांडसराय गुमटी तक सड़क के चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। जिला पदाधिकारी ने सड़क चौड़ीकरण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूरा करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य विभिन्न स्थानों पर किया जाना है। इसके अंतर्गत नाला, विद्युत पोल सहित अन्य संबंधित यूटिलिटीज को निर्धारित स्थल से स्थानांतरित किया जाना है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य यथाशीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि सड़क चौड़ीकरण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और निर्माण कार्य निर्धारित गति से आगे बढ़ सके।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक अतिक्रमण हटाने का कार्य भी शेष पाया गया। जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, सदर श्री कुमार गौरव को निर्देशित किया कि शेष अतिक्रमण को नियमानुसार शीघ्र हटाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कार्य की नियमित निगरानी करते हुए निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अभियंता एवं कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


