दरभंगा, 02 अक्टूबर 2026 :-जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी द्वारा जिले में चल रही एलिवेटेड रोड परियोजना के तहत लहेरियासराय थाना एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय के कुछ हिस्सों के एलिवेटेड मार्ग में आने को लेकर आज स्थल निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने एलिवेटेड मार्ग की स्थिति, संबंधित भवनों के प्रभावित होने वाले हिस्सों तथा वहां संचालित पुलिस प्रशासनिक कार्यों की वर्तमान व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने स्थल पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं से परियोजना से संबंधित तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
डीएम ने संबंधित अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को स्थल की वास्तविक स्थिति का समुचित आकलन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने भी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ स्थल की स्थिति की समीक्षा की तथा निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के अवसर पर संबंधित पदाधिकारीगण, पुलिस पदाधिकारी, अभियंतागण एवं निर्माण कार्य से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



