जिलाधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का किया आह्वान
दरभंगा, 02 अक्टूबर 2026 :-राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर आज समाहरणालय परिसर स्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों, सत्य, अहिंसा, स्वच्छता तथा राष्ट्रहित की भावना को आत्मसात करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग और सेवा का संदेश देता है।
स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। हमें उनके आदर्शों को केवल स्मरण करने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि अपने दैनिक जीवन एवं कार्यों में भी उन्हें अपनाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने सभी से महात्मा गांधी के बताए सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने तथा समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारा एवं शांति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए स्वच्छ एवं विकसित समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलने तथा उनके विचारों को अपने आचरण में अपनाने का संकल्प लिया।
इसके पश्चात लहेरियासराय टावर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जला, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, अपर समाहर्ता राजस्व, अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी,अपर समाहर्ता/वरीय उपसमाहर्ता सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रपिता को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर समाहरणालय के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



