डेस्क: एशियन गेम्स (Asian Games) के सेमीफाइनल (Semifinal) में भारत (India) ने श्रीलंका (Sri Lanka) को 124 रनों से रौंद दिया. भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 169 का स्कोर बनाया. जवाब में खेलने उतरी श्रीलंका की टीम 9.5 ओवर्स में सिर्फ 45 रनों पर ढेर हो गई. अब भारत का एशियन गेम्स मेन्स क्रिकेट गोल्ड मेडल के लिए पाकिस्तान (Pakistan) 3 सितंबर को मुकाबला होगा. एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट सेमीफाइनल में श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 169/7 का स्कोर बनाया.
श्रीलंका की पारी की हाइलाइट्स
रनचेज में श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और सिनेथ जयवर्धने को दूसरी ही गेंद पर 0 के स्कोर पर जसप्रीत बुमराह ने एलबीडब्लू आउट कर दिया. इसी ओवर में जसप्रीत बुमराह ने सोहन डी लिवेरा (0) को विकेट के पीछे संजू सैमसन के हाथों कैच आउट करवाया. इस तरह श्रीलंका को रनचेज में पहले ही ओवर में दो झटके लगे.
वहीं ओपनर लसिथ क्रूसपुले भी बिना खाता खोले रन आउट हो गए. इसके बाद आए कप्तान सहान अराचिगे भी 9 रन बनाकर चलते बने. वहीं एशेन बंडारा (0) पांचवें विकेट के रूप में आउट हुए. छठा विकेट नुवानिदु फर्नांडो (15) का रहा, जो रन आउट हुए. सातवां विकेट वनुजा सहान का रहा, जो एक रन बनाकर वॉशिगटनन सुंदर की गेंद पर आउट हो गए.
भारत की पारी की हाइलाइट्स
इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया, ईशान किशन भारतीय बल्लेबाजी की सबसे बड़ी हाइलाइट रहे. उन्होंने 46 गेंदों पर नाबाद 80 रनों की पारी खेली. उनकी पारी में 4 चौके और 5 छक्के आए.
भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करने के लिए उतरे. अभिषेक शर्मा ने आते ही आक्रामक अंदाज दिखाया, लेकिन उनकी पारी ज्यादा देर नहीं चल सकी. उन्होंने सिर्फ 3 गेंदों में 7 रन बनाए. कप्तान सहान अरचिगे ने सिनेथ जयवर्धने के हाथों उन्हें कैच आउट करवाया. संजू सैमसन भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके. उन्होंने 9 गेंदों में 7 रन बनाए. थरिंदु रत्नायके ने संजू को क्लीन बोल्ड कर दिया.
वहीं सहान अरचिगे ने वैभव सूर्यवंशी की 21 गेंदों में 38 रन की तूफानी पारी का अंत कर दिया. वैभव ने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए और 180.95 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. वह ट्रैक से नीचे निकलकर ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को खेलने पहुंचे, लेकिन गेंद की पकड़ और टर्न ने उन्हें चौंका दिया. बल्ले का मोटा बाहरी किनारा लगा और गेंद शॉर्ट थर्ड की ओर उछली, जहां सिनेथ जयवर्धने ने जमीन से कुछ इंच ऊपर शानदार कैच लपक लिया.
वहीं श्रेयस अय्यर को वानुजा सहान ने 13 रन पर क्लीन बोल्ड किया. श्रेयस के आउट होते ही भारतीय टीम का स्कोर 87/ 4 हो गया. इसके बाद अक्षर पटेल कुछ खास नहीं कर सके और 8 रन बनाकर चलते बने. उनको लसिथ क्रूसपुले की गेंद पर सहान अराचिगे ने कैच पकड़ा. तिलक वर्मा भी 2 रन बनाकर आउट हुए. जो टीम का छठा विकेट रहा.
वहीं ईशान किशन ने मुकाबले में एक छोर संभालकर रखा और 33 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की. ईशान की यह टी20 में सातवीं फिफ्टी रही. 19वें ओवर में शिवम दुबे भी तेजी से रन बनाने के चक्कर में थरिंदु रत्नायके की गेंद पर 3 रन पर आउट हो गए. श्रीलंका की ओर से कप्तान सहार अरचिगे, थरिंदु रत्नायके को 2-2 सफलताएं मिलीं.
पहली बार संजू, अभिषेक और वैभव को एक साथ मौका
वैभव सूर्यवंशी को श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में मौका मिला है. वहीं, पहली बार ऐसा हुआ है कि वैभव, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन तीनों एक साथ टीम में शामिल हैं. ईशान किशन और तिलक वर्मा भी टीम का हिस्सा हैं. वहीं, ऑलराउंडर में शिवम दुबे, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर तीनों ही टीम में है. स्पिनर रवि बिश्नोई भी प्लेइंग-11 में हैं. जापान के खिलाफ मैच में स्पिन गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिली थी, इस कारण टीम इंडिया ने केवल एक तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को ही टीम में शामिल किया है.


