अंतरराष्ट्रीय

महंगे पेट्रोल-डीजल से अमेरिका में बढ़ी परेशानी, कई राज्यों ने टैक्स राहत देकर उपभोक्ताओं को राहत देने की कोशिश शुरू की

डेस्क: ईरान युद्ध (Iran War) के बाद तेल की कीमतों में तेजी का असर अमेरिका (United States) में भी दिखाई दे रहा है। पेट्रोल, डीजल (Diesel) और गैस की बढ़ती कीमतों से आम लोगों पर दबाव बढ़ा है, वहीं ईंधन महंगा (Expensive Fuel) होने से राज्य सरकारों की चिंता भी बढ़ी है। नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनावों (Midterm Elections) से पहले ईंधन की कीमतें मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण मुद्दा (Important Issue) न गई हैं। बढ़ती कीमतों के बीच कई राज्यों ने लोगों को राहत देने के लिए गैस टैक्स (Gas Tax) में अस्थायी कटौती, टैक्स निलंबन और ईंधन से जुड़े कुछ नियमों में ढील देने की शुरुआत की है।
ओहायो में सांसदों ने दोनों दलों के समर्थन से 90 दिनों के लिए गैस टैक्स छुट्टी को मंजूरी दी है। इसके तहत राज्य का पेट्रोल टैक्स 38.5 सेंट और डीजल टैक्स 47 सेंट प्रति गैलन निलंबित रहेगा। ईंधन टैक्स से होने वाली आय की भरपाई के लिए राज्य सरकार सड़क और पुलों के रखरखाव से जुड़े खर्च में जनरल फंड से करीब 725 मिलियन डॉलर लगाएगी।
बुधवार को अमेरिका में सामान्य पेट्रोल की औसत कीमत 4.43 डॉलर प्रति गैलन रही। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद पेट्रोल की कीमत में करीब 50 फीसदी की वृद्धि हुई है। वहीं डीजल की औसत कीमत 6.41 डॉलर प्रति गैलन रही, जो पिछले सप्ताह दर्ज रिकॉर्ड स्तर से कुछ ही सेंट कम है। एक गैलन में 3.785 लीटर होते हैं।
ओहायो के अलावा जॉर्जिया में भी ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बाद टैक्स राहत दी गई है। मार्च में मध्य पूर्व संघर्ष के बाद ईंधन की कीमतें बढ़ने पर वहां टैक्स निलंबित किया गया था। बाद में इस व्यवस्था को आगे बढ़ाया गया और हाल में 30 दिनों का नया मोटर फ्यूल टैक्स हॉलिडे शुरू किया गया। इंडियाना में फ्यूल टैक्स राहत को कई बार बढ़ाया गया है और मौजूदा छूट 5 अक्टूबर तक जारी है। यूटा में छह महीने के लिए फ्यूल टैक्स में 6 सेंट प्रति गैलन की कटौती की गई है। इलिनॉय और केंटकी ने भी प्रस्तावित ईंधन टैक्स बढ़ोतरी को टाल दिया है।
ईंधन महंगा होने का असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ा है। अलाबामा, अर्कांसस, लुइसियाना, मिसौरी, नेब्रास्का, नॉर्थ कैरोलाइना, नॉर्थ डकोटा, ओकलाहोमा और टेक्सास में किसानों को राहत देने के लिए डीजल टैक्स नियमों में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। आम तौर पर टैक्स-फ्री डाइड डीजल का इस्तेमाल ट्रैक्टर, लॉगिंग मशीन और सिंचाई पंप जैसी ऑफ-रोड मशीनों में किया जाता है।
फसल कटाई के मौसम में कुछ राज्यों ने इसके इस्तेमाल के नियमों में अस्थायी ढील दी है, जिससे इसे हाईवे पर चलने वाले वाहनों में भी इस्तेमाल किया जा सके। कैलिफोर्निया में भी पेट्रोल की कीमत कम करने के लिए समर-ब्लेंड ईंधन की अनिवार्यता में ढील दी गई है। वहां कई हिस्सों में 31 अक्टूबर तक समर-ब्लेंड पेट्रोल जरूरी होता है, लेकिन गवर्नर गेविन न्यूसम ने सोमवार को यह शर्त खत्म कर दी।
ओहायो में गैस टैक्स छुट्टी का मुद्दा आगामी गवर्नर चुनाव से भी जुड़ गया है। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन ने पिछले सप्ताह गैस टैक्स छुट्टी की मांग की थी। इसके कुछ घंटों बाद रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी ने भी इसी तरह की योजना का ऐलान किया। दोनों उम्मीदवार मौजूदा गवर्नर माइक डीवाइन की जगह लेने के लिए चुनाव मैदान में हैं।

डेमोक्रेट्स ने रामास्वामी पर एक्टन के प्रस्ताव का श्रेय लेने का आरोप लगाया, जबकि उनके समर्थकों ने दोनों योजनाओं के बीच अंतर बताया। हालांकि, टैक्स राहत का असर पेट्रोल पंप पर तुरंत पूरी तरह दिखाई देना जरूरी नहीं है। ईंधन की कीमत अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल के दाम, थोक कीमत, परिवहन, स्टॉक और स्थानीय बाजार जैसे कई कारकों पर निर्भर करती है। टैक्स हटने के समय रिटेलर के पास पहले से टैक्स देकर खरीदा गया ईंधन हो सकता है, इसलिए बिना टैक्स वाला नया स्टॉक आने के बाद ही राहत का पूरा असर दिखाई दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *