दरभंगा, 01 अक्टूबर 2026 :आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न पोखरों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई एवं आवश्यक तैयारियों का कार्य व्यापक स्तर पर किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज सुश्री गरिमा लोहिया, भा.प्र.से., नगर आयुक्त, दरभंगा नगर निगम द्वारा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 1, 2, 4 एवं 5 का क्षेत्र भ्रमण कर विभिन्न पोखरों एवं छठ घाटों का स्थल निरीक्षण किया गया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान संबंधित वार्डों के माननीय वार्ड पार्षदों के साथ विशेष रूप से संवाद किया गया।
नगर आयुक्त द्वारा प्रत्येक संबंधित वार्ड में छठ महापर्व की तैयारियों, पोखरों एवं घाटों की स्थिति तथा स्थानीय स्तर पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में माननीय वार्ड पार्षदों से जानकारी ली गई।
माननीय वार्ड पार्षदों द्वारा अपने-अपने वार्ड के विभिन्न छठ घाटों एवं पोखरों से संबंधित स्थानीय आवश्यकताओं, साफ-सफाई, पहुंच मार्ग, घाटों की स्थिति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अवगत कराया गया। प्राप्त सुझावों एवं स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान नगर आयुक्त द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम के पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए छठ घाटों की तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सुझाव एवं क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयारियों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जाए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रों में पोखरों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई, घाटों की स्थिति, घाट तक पहुंचने वाले मार्गों की स्वच्छता, आसपास के क्षेत्रों की सफाई तथा छठ महापर्व को लेकर की जा रही तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
नगर आयुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि सभी चिन्हित छठ घाटों एवं पोखरों में साफ-सफाई का कार्य समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जाए। घाटों के आसपास किसी भी प्रकार की गंदगी, कचरा, जलकुंभी अथवा अन्य अवांछित सामग्री नहीं रहने देने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
छठ घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की स्वच्छता एवं सुगम आवागमन, घाटों की समुचित सफाई तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्थल की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार कार्यों को चिन्हित कर आपसी समन्वय के साथ समय पर पूर्ण किया जाए।
नगर आयुक्त ने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा घाटों की तैयारियों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान डॉ.जयचंद्र अकेला, उप नगर आयुक्त, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित नगर निगम के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
दरभंगा नगर निगम द्वारा आगामी छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न पोखरों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई एवं आवश्यक तैयारियों का कार्य लगातार जारी है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।


