अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान ने फिर की अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक; कुनार-हेलमंद में 9 लोगों की मौत

डेस्क: अफगानिस्तान (Afghanistan) के कुनार (Kunar) और हेलमंद (Helmand) प्रांत में पाकिस्तानी विमानों ने एक बार फिर एयरस्ट्राइक (airstrikes) की है. अफगानिस्तान के प्रवक्ता के मुताबिक, दोनों इलाकों में नागरिक घरों को निशाना बनाकर की गई बमबारी में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 अन्य लोग घायल हुए हैं. हमलों में तीन घरों के तबाह होने की भी बात कही गई है.

कुनार के शेल्टन जिले की चोगाम घाटी में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एक नागरिक के घर पर बमबारी का दावा किया गया. वहीं, हेलमंद के गरमसिर जिले के सफर इलाके में भी नागरिक घरों पर हवाई हमला किए जाने की बात सामने आई है.
कुनार में घर को बनाया निशाना
टोलो न्यूज के मुताबिक, स्थानीय सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान की सैन्य सरकार ने सुबह करीब 3 बजे शेल्टन जिले की चोगाम घाटी में एक नागरिक के घर पर बमबारी की. रिपोर्ट में स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि, इस हमले में पांच लोगों की मौत हुई और तीन अन्य घायल हुए. बताया गया कि मरने वालों में ज्यादातर बच्चे शामिल हैं.
हमले के बाद इलाके में मलबे से लोगों को निकालने और घायलों को इलाज के लिए ले जाने का काम किया गया. इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर पाकिस्तान के खिलाफ नाराजगी भी सामने आई है.
अफगानिस्तान ने बताया आक्रामक कार्रवाई
अफगानिस्तान तालिबान के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पिछली रात पाकिस्तानी विमानों ने कुनार के शेल्टन जिले के चोगाम इलाके और हेलमंद के गरमसिर जिले के सफर इलाके में नागरिक घरों पर बमबारी की. उन्होंने कहा कि इन हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हुई और 11 अन्य घायल हुए.
अफगानिस्तान के प्रवक्ता ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे आक्रामक कार्रवाई और अपराध बताया. उन्होंने कहा कि यह सभी मान्य अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का उल्लंघन है. कुनार और हेलमंद में हुए इन हमलों के बाद अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *