डेस्क: बिहार में खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र में शनिवार की अहले सुबह एनएच-31 पर तीर्थयात्रियों से भरी बस में अचानक आग लग गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बस में सवार करीब 50 से 60 यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जाता है कि करीब तीन बजे बस में अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी बस से बाहर निकलने लगे। यात्रियों के बाहर निकलते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरी बस धू-धूकर जलने लगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। आग बुझने के बाद बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मानसी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बस में आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


