75वें अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती क्लस्टर 2026-27 के तीसरे दिन महिला कुश्ती, पुरुष एवं महिला बॉक्सिंग तथा आर्म-रेसलिंग के रोमांचक मुकाबले जारी

करनाल, 25 सितंबर। हरियाणा पुलिस परिसर, मधुबन में आयोजित 75वें अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती क्लस्टर 2026-27 के तीसरे दिन महिला कुश्ती, पुरुष एवं महिला बॉक्सिंग तथा आर्म-रेसलिंग के रोमांचक मुकाबले जारी रहे।
कुश्ती में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
महिला कुश्ती के 65 किलोग्राम भार वर्ग में सीआईएसएफ की रेनू ने उत्तर प्रदेश की लवलीन कौर को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 76 किलोग्राम भार वर्ग में बीएसएफ की सिमरन ने हिमाचल प्रदेश की रानी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, 59 किलोग्राम भार वर्ग में बीएसएफ की भानू ने उत्तर प्रदेश की तनु मलिक को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पुरुष कुश्ती के 97 किलोग्राम भार वर्ग में आईटीबीपी के सन्नी और सीआईएसएफ के गौरव गुर्जर के बीच फाइनल खेला जाएगा ।

बॉक्सिंग में महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
महिला बॉक्सिंग के 45-48 किलोग्राम भार वर्ग में सीआईएसएफ की चंचल चौधरी ने एसएसवी की नीलम मेहता को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इसी प्रकार, 51-54 किलोग्राम भार वर्ग में आईटीबीपी की दर्शना ने मेघालय की ईवा को पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। पुरुष बॉक्सिंग के 47-50 किलोग्राम भार वर्ग में बीएसएफ के सुशांत कपूर ने उत्तराखंड पुलिस के भूपेंद्र सिंह को हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं, 70-75 किलोग्राम भार वर्ग में यूपी पुलिस के विजय चौधरी ने उत्तराखंड पुलिस के मनीष को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।


आर्म-रेसलिंग में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
आर्म-रेसलिंग प्रतियोगिता के 55 किलोग्राम भार वर्ग में अरूणाचल प्रदेश पुलिस का रमेश जोम्यांग ने उत्तर प्रदेश पुलिस के राजीव को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। 100 किलोग्राम भार वर्ग में पंजाब पुलिस के साहिल ने शुभम नागर को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया । इसी प्रकार महिला आर्म-रेसलिंग में , 70 किलोग्राम भार वर्ग में मणिपुर पुलिस की रानी देवी ने उत्तर प्रदेश की दीक्षा गुप्ता को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार शारीरिक दमखम
पुरुष बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों के खिलाड़ियों ने अपनी शानदार शारीरिक बनावट, मांसपेशियों की मजबूती एवं फिटनेस का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के 55 किलोग्राम भार वर्ग में अरविंद सिंह सिसोदिया यूपी पुलिस ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। संतोष कुमार झारखंड पुलिस ने रजत पदक तथा जय शंकर तमिलनाडु पुलिस ने कांस्य पदक प्राप्त किया। इसी प्रकार, महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में 55 किलोग्राम भार वर्ग में रेखा शिंदे महाराष्ट्र पुलिस ने स्वर्ण, चिन्मय भुआन ओडिशा पुलिस ने रजत तथा पूजा भट्ट उत्तराखंड पुलिस ने कांस्य पदक हासिल किया

अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
प्रतियोगिता के दौरान खेल परिसर में खिलाड़ियों का उत्साह और जोश देखते ही बन रहा था। विभिन्न खेलों के रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और पूरे परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। इस अवसर पर महानिरीक्षक एवं सह आयोजन सचिव हामिद अख्तर, भा.पु.से., आदेशक, पंचम वाहिनी, ह०स०पु०, मधुबन सुरेंद्र सिंह भौरिया, भा.पु.से., आदेशक, चतुर्थ वाहिनी, ह०स०पु०, मधुबन भारती डबास, ह०पु०से., उप पुलिस अधीक्षक शमशेर सिंह, चतुर्थ वाहिनी; उप पुलिस अधीक्षक हरप्रीत सिंह, पंचम वाहिनी; उप पुलिस अधीक्षक जसवंत सिंह, चतुर्थ वाहिनी; उप पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार, सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।


