डेस्क: उत्तर प्रदेश की झांसी पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात दो इलाको में हुई मुठभेड़ के दौरान दो अलग-अलग मामलों में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रीति सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात स्टेशन से खाना खाने चित्रा रोड पर जा रहे रेल यात्री महाराजगंज क्षेत्र निवासी हेमंत एवं उनके मित्र सोहेल को रोककर स्कूटी सवार चार बदमाशों ने उनके 3,000 रुपये और मोबाइल आदि लूट लिए थे। इस दौरान एक बदमाश को लोगों ने पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि बीती रात इन्हीं बदमाशों की छानबीन के दौरान पुलिया नंबर नौ रोड पर थाना नवाबाद पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान यहां मोहम्मद सुल्तान और सलीम नामक दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
सिंह ने बताया कि पुलिस एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। ऐसे ही सीपरी बाजार क्षेत्र में अगस्त माह के दौरान शिवानी की दहेज के लिए हत्या के मामले में फरार उसके पति यश ठाकुर को भी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में यश ठाकुर और सुल्तान के पैर में गोली लगने के बाद उन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


