मनोरंजन

350 करोड़ पार कर अब 400 करोड़ पर नजर ; हनुमान अंश की कमाई के बीच दृश्यम 3 से बढ़ा सस्पेंस

डेस्क: हनुमान अंश ( Hanuman ANSH )बॉक्स ऑफिस (Box Office) पर लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म की कमाई अब 400 करोड़ रुपये के आंकड़े की तरफ बढ़ रही है और मेकर्स की नजर फिल्म के लंबे थिएट्रिकल (Theatrical)रन पर भी है। टीम चाहती है कि यह फिल्म सिनेमाघरों में 100 दिन पूरे करे। हालांकि इसी बीच 2 अक्टूबर को अजय देवगन की दृश्यम 3 रिलीज होने वाली है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इस बड़ी फिल्म की रिलीज से हनुमान अंश के कलेक्शन की रफ्तार प्रभावित होगी।
हनुमान अंश की प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने इस सवाल पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने माना कि दृश्यम 3 के सिनेमाघरों में आने का असर हनुमान अंश पर पड़ सकता है। हालांकि उनका कहना है कि दोनों फिल्मों का जॉनर अलग है इसलिए उनकी टीम इसे सीधी टक्कर के तौर पर नहीं देख रही है। रागिनी सोना ने कहा कि वह खुद दृश्यम फिल्म की प्रशंसक हैं और इसकी रिलीज का इंतजार कर रही हैं। उनका कहना है कि वह फिल्म देखने भी जाएंगी।
बड़ी फिल्म के आने के बाद आमतौर पर थिएटर में स्क्रीन और शो को लेकर बदलाव देखने को मिलता है। हनुमान अंश को लेकर भी जब यह सवाल पूछा गया कि क्या दृश्यम 3 के कारण फिल्म के शो कम हो सकते हैं तो रागिनी सोना ने कहा कि कुछ थिएटर में ऐसा हो सकता है। हालांकि उनका कहना है कि टीम इस तरह की परिस्थितियों के लिए पहले से तैयार है। उन्होंने बताया कि फिल्म ने इससे पहले भी कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना किया है और आगे भी आने वाली चुनौतियों से निपटने का आत्मविश्वास टीम के पास है।
रागिनी सोना के मुताबिक बॉक्स ऑफिस का ग्राफ हमेशा एक जैसा नहीं रहता। कभी कमाई बढ़ती है तो कभी इसमें गिरावट आती है। टीम अब इस उतार चढ़ाव को लेकर ज्यादा परेशान नहीं होती। उनका कहना है कि फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर्स से मिल रही जानकारी के अनुसार फिलहाल इसे हटाने को लेकर कोई बड़ी बात सामने नहीं आई है। हालांकि आने वाले समय में थिएटर अपने हिसाब से शो और स्क्रीन का फैसला कर सकते हैं।
मेकर्स की नजर अब सिर्फ कमाई के आंकड़े पर नहीं है। वह फिल्म को 100 दिन तक सिनेमाघरों में चलाने का सपना देख रहे हैं। रागिनी सोना ने फिल्म को लेकर अपना भरोसा जताते हुए कहा कि टीम को उम्मीद है कि हनुमान अंश 100 दिन का थिएट्रिकल रन पूरा करेगी। उन्होंने फिल्म की सफलता को नीम करोली बाबा और हनुमान जी के आशीर्वाद से भी जोड़ा है।
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी हनुमान अंश में शोभिनव सत्या और चंदन आनंद अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित बताई गई है। प्रेम भक्ति और सेवा उनकी शिक्षाओं के प्रमुख पहलू रहे हैं और फिल्म में इसी आध्यात्मिक पृष्ठभूमि को कहानी का आधार बनाया गया है।

बॉक्स ऑफिस की बात करें तो खबर के अनुसार हनुमान अंश ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 331.70 करोड़ रुपये ग्रॉस और 280.93 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया है। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 366.45 करोड़ रुपये बताया गया है। करीब 1.75 से 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म के आंकड़े लगातार चर्चा में हैं। अब देखना होगा कि 2 अक्टूबर को दृश्यम 3 की रिलीज के बाद हनुमान अंश की कमाई किस दिशा में जाती है और क्या फिल्म 400 करोड़ के आंकड़े तक पहुंच पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *