डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नबीन ने युवाओं से नशे और शॉटर्कट की प्रवृत्ति से दूर रहने का आह्वान करते हुये कहा कि वे‘रील’की दुनिया में उलझने के बजाय‘रियल’जिंदगी को जिएं और अपने जीवन में राष्ट्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। नबीन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अपने पहले दौरे पर सोमवार को मेरठ पहुंचे। काशी टोल प्लाजा पर करीब तीन हजार भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत के दौरान 25 बुलडोजरों से करीब पांच क्विंटल फूल बरसाए गए और क्रेन के जरिये उन्हें माला पहनाई गई। बुलडोजरों पर चढ़कर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाए और‘जय श्री राम’के नारे लगाए।
नबीन ने हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद वह सुभारती विश्वविद्यालय पहुंचे जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में युवा सम्मेलन हुआ। मंच पर नेताओं के साथ केवल छात्र बैठे थे और सभागार में भी मेरठ के अलावा गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा और बुलंदशहर से आए करीब ढाई हजार छात्र मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पित करने तथा सरस्वती वंदना से हुई। छात्रों को संबोधित करते हुए नबीन ने कहा कि मौजूदा समय में युवाओं को नशे और शॉटर्कट की प्रवृत्ति से सबसे अधिक नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने इन दोनों से बचने की सलाह देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नशे के खिलाफ अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं को जीवन में मेहनत, उद्देश्य और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
मेरठ प्रवास के दौरान श्री नबीन संगठनात्मक गतिविधियों में भी हिस्सा लिया। दोपहर में प्रस्तावित शक्ति केंद्र सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों के साथ संवाद हुआ। इसमें करीब पांच हजार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया था। बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर पर संगठन की तैयारियों की समीक्षा भी दौरे का प्रमुख हिस्सा है। भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों से भी संवाद किया। इन बैठकों में चुनावी तैयारियों के साथ कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और क्षेत्र से मिलने वाली प्रतिक्रिया को शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। नबीन ने मेरठ में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के अलावा नेशनल आर्मी शहीद स्मारक पर पौधारोपण और औघड़नाथ मंदिर के दर्शन भी किये। सोमवार को उनका मेरठ में रात्रि प्रवास प्रस्तावित है।
दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को श्रभ् नबीन सहारनपुर पहुंचेंगे। वहां वह एक भाजपा कार्यकर्ता के घर भोजन करने के बाद पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और जिला संगठन के पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। इसके बाद शाकंभरी देवी मंदिर में दर्शन कर दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। इस बीच, मेरठ में सपा नेता गौरव गुर्जर को पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने की भी सूचना है। भाजपा के इस दौरे को पार्टी की आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है और संगठन के बूथ से जिला स्तर तक सक्रिय होने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।


