बिहार

4 करोड़ की नेटवर्थ और 13 करोड़ की कार?… Rolls-Royce में नजर आईं MLA मैथिली ठाकुर, सोशल मीडिया पर उठे सवाल

डेस्क: बिहार की विधायक और गायिका मैथिली ठाकुर 15 सितंबर को मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा पंडाल में रॉल्स-रॉयस कलिनन कार से दर्शन करने पहुंचीं। इस लग्जरी गाड़ी में उनके आने की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा। जैसे ही उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो उनकी घोषित संपत्ति और कार की कीमत को लेकर बहस छिड़ गई।

बता दें कि मैथिली ठाकुर नीले रंग की कलिनन कार में आईं, जिसे ड्राइवर चला रहा था। जब गाड़ी पंडाल के आस-पास की भीड़-भाड़ वाली जगह से गुजरी, तो वह पिछली सीट पर बैठी थीं। वह मुस्कुराते हुए बाहर मौजूद लोगों का अभिवादन करती नजर आईं। गणेशोत्सव के इस मशहूर पंडाल के प्रवेश द्वार की ओर बढ़ने से पहले, उन्हें लोगों से बातचीत करते और तस्वीरें खिंचवाते हुए देखा गया।
क्या मैथिली ठाकुर की अपनी है Rolls-Royce 
हालांकि, इस कार के मैथिली ठाकुर की निजी संपत्ति होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दरअसल, मैथिली जिस Rolls-Royce Cullinan में पहुंचीं, उसके नंबर प्लेट के मुताबिक यह गाड़ी मुंबई के पास वाशी RTO में रजिस्टर्ड है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने यह कार किराए पर ली थी या फिर आयोजकों या मेजबानों की ओर से उनके लिए इसकी व्यवस्था की गई थी।

गौरतलब है कि 2025 बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मैथिली ठाकुर ने चुनावी हलफनामे में कुल करीब ₹3.82 करोड़ की संपत्ति घोषित की थी, जिसमें चल संपत्ति में Honda Activa भी शामिल थी। यहीं वजह है कि अब सोशल मीडिया पर Rolls-Royce को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

दुनिया की महंगी और लग्जरी SUVs में गिनी जाती है Rolls-Royce 
मैथिली ठाकुर जिस Rolls-Royce Cullinan में नजर आईं, वह दुनिया की महंगी और लग्जरी SUVs में गिनी जाती है। भारत में इस कार की एक्स-शोरूम कीमत करीब 10.50 करोड़ रुपए से शुरू होती है। वहीं टैक्स, इंश्योरेंस और कार में किए गए कस्टमाइजेशन के आधार पर इसकी ऑन-रोड कीमत काफी बढ़ सकती है। मुंबई में इसके कुछ वेरिएंट की कीमत करीब 13 करोड़ रुपएये से लेकर 15 करोड़ रुपए से ज्यादा तक पहुंच सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *