डेस्क: बिहार में शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र के अम्बा उत्तरी गांव में बीती रात प्रेमिका से मिलने गए 20 वर्षीय युवक की लड़की के परिजनों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में लड़की के भाई और परिवार की दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अम्बा उत्तरी गांव के वार्ड संख्या तीन निवासी भरत साह का पुत्र ललन कुमार (20) बुधवार की रात करीब 12 बजे प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था। इसकी जानकारी होने पर लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद के दौरान लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद गंभीर रूप से घायल ललन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस अधीक्षक (SP) शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना में शामिल लड़की के भाई और परिवार की दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।


