डेस्क: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया शहर में बुधवार की अहले सुबह घर में सो रही 55 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गयी। इस हत्या के बाद उसके बाएं हाथ की दो उंगलियां भी काट दी गयीं और उन्हें सिर के पास रख दिया गया।
तीन साल पहले महिला के पति की हो चुकी है मौत
यह घटना कालीबाग थाना क्षेत्र के हरिहरनगर वाडर्-5 स्थित नोनिया टोली की है। पुलिस ने मामले में छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मरने वाली महिला की पहचान स्व. काशी महतो की पत्नी बच्ची देवी के रूप में हुई है। उनके पति का करीब तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। परिजनों के अनुसार, दो मंजिला पक्के मकान में पांच कमरे हैं और परिवार के सदस्य अलग-अलग कमरों में सोते हैं।
सुबह होने पर परिजनों को घटना की हुई जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब चार बजे अंजू देवी ने देवरानी पूजा देवी और सुमन कुमारी को जगाकर बताया कि बच्ची देवी के साथ कुछ अनहोनी हो गयी है। परिजन कमरे में पहुंचे तो बच्ची देवी बिस्तर पर मृत पड़ी थीं और उनके चेहरे पर कपड़ा रखा था। कपड़ा हटाने पर गला रेता हुआ मिला। बाएं हाथ की दो उंगलियां कटी थीं, जिन्हें सिर के पास रखा गया था। दाएं हाथ पर भी धारदार हथियार से जख्म के निशान मिले।
हत्यारे की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कालीबाग थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने के साथ घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व घर में मोबाइल चोरी हुई थी। इसके बाद सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाये गये थे। पुलिस फुटेज के आधार पर घटना से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है। एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि हरिहरनगर वाडर्-5 में महिला की हत्या की सूचना मिली है। एफएसएल और पुलिस टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। मामले में छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


