परिषद सभागार में नगरीय चार्ज एवं ग्रामीण अपर चार्ज अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, आंकड़ों की शुद्धता पर विशेष जोर
दरभंगा, 01 नवंबर 2026 :- भारत की जनगणना 2027 (द्वितीय चरण) को लेकर दरभंगा जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में रविवार को लहेरियासराय स्थित जिला परिषद सभागार में नगरीय चार्ज अधिकारियों एवं ग्रामीण अपर चार्ज जनगणना अधिकारियों के दूसरे बैच का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला जनगणना अधिकारी-सह-जिला सांख्यिकी पदाधिकारी उदय नारायण प्रसाद ने की।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए जनगणना के प्रथम चरण में किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त किया तथा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से जनसंख्या गणना का कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने आंकड़ों की शुद्धता को जनगणना की सफलता का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि सही आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं को उद्देश्यपरक और प्रभावी बनाने में सहायक होंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय, पटना से आए प्रशिक्षक रोहित कुमार एवं अमिताभ कुमार ने अधिकारियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न कार्यों की बारीकियों से अवगत कराया।
उन्होंने जनगणना प्रक्रिया, निर्धारित जिम्मेदारियों और कार्यों के सही निष्पादन को लेकर विस्तार से प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, दरभंगा देवनारायण महतो, मो. राजिक हुसैन सहित सभी नगरीय चार्ज अधिकारी, अपर चार्ज अधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।


