अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट से दी सलामी
अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबलों में विभिन्न प्रमंडलों की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत
दरभंगा, 01 नवंबर 2026 :- नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में रविवार को राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता (अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19) का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन ओएसडी सह पीजीआरओ राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, सहायक आयुक्त, मद्य निषेध प्रदीप कुमार एवं जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी।
जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने अतिथियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया तथा बिहार के विभिन्न प्रमंडलों से आए बालिका खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हैंडबॉल की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद दरभंगा प्रमंडल को बालिका बैडमिंटन की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने का गौरव प्राप्त हुआ है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि दरभंगा की धरती से भी पीवी सिंधु और साइना नेहवाल जैसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी उभरेंगी।
ओएसडी सह पीजीआरओ राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताओं से बालिकाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलता है।
अपर समाहर्ता सलीम अख्तर ने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने प्रमंडल का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
सहायक आयुक्त, मद्य निषेध प्रदीप कुमार ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल एवं शिक्षा जैसी सकारात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम स्थल पर स्थापित नशामुक्ति सेल्फी प्वाइंट खिलाड़ियों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा, जहां खिलाड़ियों ने नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
*सेमीफाइनल मुकाबलों में रोमांचक प्रतिस्पर्धा*
समाचार लिखे जाने तक तीनों आयु वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबले जारी थे। अंडर-14 वर्ग में दरभंगा एवं तिरहुत, अंडर-17 वर्ग में मगध एवं बिहार एकलव्य तथा अंडर-19 वर्ग में पटना एवं दरभंगा प्रमंडल की टीमों के बीच मुकाबले खेले जा रहे थे। इससे पूर्व एकल मुकाबलों में पटना, दरभंगा, मुंगेर एवं तिरहुत प्रमंडल की टीमें तीसरे दौर में प्रवेश कर चुकी थीं।
*खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए विशेष व्यवस्था*
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डॉक्टरों की चिकित्सा टीम आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा सुविधाओं के साथ तैनात रही, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में अर्जुन कुमार शाह, सुभाष कुमार पंजियार, ऋतुराज, प्रिया कुमारी, कृष्ण ठाकुर, नीलम रानी, बालाजी एवं विकास कुमार शर्मा ने ऑफिशियल्स के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं, आयोजन एवं परिणामों के संधारण में एकलव्य प्रशिक्षक निशांत कुमार, देवनंदन झा, राजेश कुमार, ज्योति कुमारी, सोनी कुमारी, कुंदन कुमार, अक्षय कुमार, राकेश कुमार सहित अन्य शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का मंच संचालन कुमार अनुराग ने किया।


