दरभंगा

सेवा संकल्प अभियान को लेकर डीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित

दरभंगा, 15 सितंबर 2026 :-जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में अभियान के तहत 17 सितंबर 2026 को जिलेभर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

बैठक में बताया गया कि जिले में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर 2026 को पूरे जिले में दीप प्रज्वलन के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी संस्थानों के परिसर में शाम 7:00 बजे संकल्प अभियान का उद्घाटन कर 100 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

 

उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न पंचायत भवन परिसरों, अमृत सरोवरों, सरकारी संस्थानों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर सेवा, संकल्प एवं सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया जाए।

 

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर की शाम जिले के विभिन्न पंचायत भवन परिसरों एवं अमृत सरोवरों पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसके साथ ही जीविका केंद्रों, प्रखंड कार्यालयों, सरकारी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को भी इस आयोजन से जोड़ा गया है।

 

उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर सेवा संकल्प अभियान का मुख्य कार्यक्रम 17 सितंबर 2026 को शाम 7:30 बजे लहेरियासराय स्थित पोलो ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।

 

5000 दीपों के माध्यम से आकर्षक आकृतियां तैयार की जाएंगी तथा रंगोली के जरिए कार्यक्रम स्थल को विशेष रूप से सजाया जाएगा। दीपों से जगमगाता पोलो ग्राउंड कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि जिलेभर में एक साथ आयोजित होने वाले दीप प्रज्वलन कार्यक्रम से 17 सितंबर की शाम दरभंगा में सेवा, संकल्प एवं सामूहिक सहभागिता का विशेष संदेश प्रसारित होगा।

 

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस श्रीमती चांदनी सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *