दरभंगा

जनसुनवाई में दिव्यांगजन को ऑन-द-स्पॉट मिली बैटरी चालित ट्राईसाइकिल

डीएम ने आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सहायक निदेशक दिव्यांगजन कोषांग को नियमानुसार कार्रवाई का दिया निर्देश

दरभंगा, 14 सितंबर 2026 :-जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आम लोगों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा पात्र लाभुकों को नियमानुसार त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की गई।

जनसुनवाई के दौरान दरभंगा सदर प्रखंड अंतर्गत अतिहर पंचायत की दिव्यांगजन अनिता कुमारी बैटरी चालित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध लेकर जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुईं।

उन्होंने बताया कि आवागमन में कठिनाई के कारण उन्हें घर से बाजार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने आवेदिका की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग श्री आशिष अमन को आवेदन की पात्रता एवं निर्धारित नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निर्देश के आलोक में आवेदिका को जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा ऑन-द-स्पॉट बैटरी चालित ट्राईसाइकिल प्रदान किया गया।

बैटरी चालित ट्राईसाइकिल प्राप्त होने पर अनिता कुमारी के चेहरे पर खुशी स्पष्ट दिखाई दी।

उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें घर से बाजार जाने तथा दैनिक आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन करने में काफी सहूलियत होगी।

उन्होंने जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार एवं जिला प्रशासन द्वारा उनकी समस्या का त्वरित समाधान किए जाने की सराहना की।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित करना है।

विशेष रूप से दिव्यांगजन, वृद्धजन एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं नियमानुसार उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रियता से कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *