राष्ट्रीय

महिला ने पुलिसकर्मी पर लगाया थाना परिसर में दुष्कर्म करने का आरोप, हिरासत में आरोपी

डेस्क: सरायकेला- खरसावां जिले के गम्हरिया थाना के एक पुलिसकर्मी पर महिला ने थाना परिसर में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। इसके बाद पुलिस महाकमे में सनसनी फैल गई है। मामला संज्ञान में आते ही एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ ने जांच शुरू कर दी है। महिला की शिकायत पर आरोपी वायरलेस ऑपरेटर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, एक गांव की रहने वाली महिला अपने पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत लेकर गुरुवार देर रात थाना पहुंची थी। थाना के ओडी ऑफिसर ने महिला को सुबह जांच कर कार्रवाई की बात कहकर थाना परिसर के एक कमरे में आराम करने को कहा और बाहर से ताला लगा दिया। आरोप है कि इसी बीच वायरलेस ऑपरेटर वहां पहुंचता है और महिला के कमरे के बाहर लगा ताला खोलकर उससे पूछताछ करता है। बताया जा रहा है कि महिला ने भूख लगने की बात कही। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मी महिला को अपने साथ अपने कमरे में ले गया। वहां दोनों ने खाना खाया।

इसी बीच आरोपी वायरलेस ऑपरेटर द्वारा छेड़छाड़ करने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि महिला ने बीच बचाव के लिए कमरे में रखा चाकू उठा लिया। इसमें वायरलेस ऑपरेटर के घायल होने की बात सामने आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले का चौंकाने वाला पहलू यह है कि खाना-पीना खाने के बाद वायरलेस ऑपरेटर और महिला उसी कमरे में सो गए। सुबह जब ओडी ऑफिसर द्वारा जिस कमरे में महिला को रखा गया था, वहां महिला नहीं मिली तब महिला की खोज शुरू हुई। इसके बाद वायरलेस ऑपरेटर के कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। दरवाजा नहीं खोलने पर दरवाजा तोड़कर पुलिसकर्मी अंदर घुसे। देखा महिला और वायरलेस ऑपरेटर अलग-अलग सोए हुए हैं। ऐसे में मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।
इधर घटना को लेकर JLKM नेताओं ने मोर्चा खोल दिया। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में JLKM नेता थाना पहुंचे और पीड़ित महिला को इंसाफ देने की मांग की। फिलहाल पुलिस के वरीय पदाधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। सूत्र बताते हैं कि एसपी इस मामले में बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *