बिहार

भाजपा नेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

डेस्क: बिहार में भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के श्रीनारायण नगर मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस क्षेत्र के कुतुबगंज बाजार निवासी भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती (52) आज अपने घर के पास सड़क पर कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार आए दो-तीन अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया। सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों के सहयोग से भाजपा नेता को गंभीर हालत में भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस के वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का निर्देश थानाध्यक्ष को दिया। पुलिस ने इस सिलसिले में अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न हिस्सों में छापेमारी शुरु कर दी है। भागलपुर के भाजपा विधायक रोहित पांडेय एवं जिला भाजपा अध्यक्ष संतोष कुमार ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद मृत भाजपा नेता के परिजनों से मिले। उन्होंने इस घटना में शामिल अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग पुलिस के वरीय अधिकारियों से की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *