मनोरंजन

ब्रेन स्ट्रोक के बाद राहुल रॉय के लिए काम पाना मुश्किल हुआ, 60 साल की उम्र में फिर से करियर और अपना साम्राज्य बनाने में जुटे

डेस्क: फिल्म इंडस्ट्री (Film Industry) में किसी कलाकार का करियर कब ऊंचाई से संघर्ष के दौर में पहुंच जाए, यह किसी को पता नहीं होता। कभी लोकप्रियता के शिखर पर रहे अभिनेता राहुल रॉय (Rahul Roy) भी इन दिनों अपने करियर को दोबारा खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। आशिकी फिल्म (Aashiqui Film) से रातोंरात मशहूर हुए राहुल के लाखों प्रशंसक (Fans) बन गए थे। हालांकि काफी समय तक लाइमलाइट में रहने के बावजूद उन्हें अपने करियर (Career) में संघर्ष (Struggle) का सामना करना पड़ा।
पिछले साल राहुल रॉय का एक शादी समारोह में डांस करते हुए वीडियो सामने आया था, जिसे देखकर फैन्स हैरान रह गए थे। इसके बाद उन्होंने एक कंटेंट क्रिएटर के साथ भी वीडियो शूट किया, जो काफी वायरल हुआ। अब राहुल ने अपने संघर्ष के बारे में बात करते हुए बताया कि ब्रेन स्ट्रोक के बाद वह अपने करियर को फिर से बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
राहुल ने अपने भाई के साथ कई वर्षों से चल रहे कानूनी मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि यह 30 लाख रुपये का मामला है, जिसे वह सेटल करना चाहते हैं। राहुल के अनुसार, वह और उनके भाई इस मामले पर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि तलाक के समय उन्होंने अपनी संपत्ति पत्नी के नाम कर दी थी और अब वह सब कुछ नए सिरे से बनाने में लगे हैं।
राहुल ने कहा कि वह अब 60 साल के हैं और फिर से अपना साम्राज्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अपने पिछले पांच वर्षों को भी एक तरह का ब्रेक बताया। उनके मुताबिक, इस दौरान वह ठीक हो रहे थे और उनके पास कोई काम नहीं था। अगर ऐसा नहीं होता तो वह और काम कर रहे होते। अब उन्हें कुछ काम मिल रहा है और वह आगे और काम करना चाहते हैं।
राहुल ने कहा कि सेट पर लौटकर कैमरे का सामना करने के बाद वह काफी खुश थे। उन्होंने उन सभी लोगों का आभार जताया, जिन्होंने उन पर भरोसा किया। उनका कहना है कि फिल्मों में उनका 37 साल का सफर रहा है और इस दौरान उन्होंने अच्छा काम किया है। अब वह आगे भी काम करना चाहते हैं।
शादी समारोहों में डांस करने को लेकर राहुल ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उनके खर्चे हैं और उन्हें पैसे चाहिए। ब्रेन स्ट्रोक के बाद उनके लिए काम मिलना मुश्किल हो गया था। उन्होंने बताया कि इस स्थिति को पांच साल हो चुके हैं और जो कुछ भी काम मिल रहा है, वह उसे कर रहे हैं।
राहुल के मुताबिक, कभी वह शादी में डांस करके 2 लाख रुपये कमाते हैं तो कभी यह रकम 4 लाख रुपये तक पहुंच जाती है। उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें ट्रोल करते हैं, वे नहीं जानते कि यह भी मेहनत है। उन्हें अपने सभी खर्चे खुद उठाने हैं।
राहुल ने यह भी बताया कि इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनके मुश्किल समय में उनका साथ दिया है। उन्होंने सलमान खान, करिश्मा कपूर, रवीना टंडन, फराह खान, अर्चना पूरन सिंह और पूजा भट्ट का नाम लिया। राहुल के अनुसार, ब्रेन स्ट्रोक के बाद सलमान खान ने उनकी दवाइयों का खर्च उठाया था।

उन्होंने आशिकी के अपने सह-कलाकारों अनु अग्रवाल, दीपक तिजोरी और अवतार गिल के प्रति भी आभार जताया। राहुल ने महेश भट्ट का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि दीपक अच्छा काम कर रहे हैं और उम्मीद है कि दोनों जल्द साथ काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *