अंतरराष्ट्रीय

हाफिज सईद के बेटे तल्हा का भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान, जिहाद जारी रखने का दावा

डेस्क: पाकिस्तान (Pakistan) में आतंकी संगठन (Terrorist organization)  से जुड़े हाफिज सईद (Talha Saeed) के बेटे तल्हा सईद  (Terrorist organization) का भारत के खिलाफ कथित तौर पर भड़काऊ भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ओएसआईएनटीवी की ओर से साझा किए गए वीडियो के अनुसार, 5 सितंबर को शेखूपुरा में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में तल्हा सईद ने जिहाद और कुर्बानी जारी रखने की बात कही। उसने पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व की भी प्रशंसा की।

शेखूपुरा के कार्यक्रम का बताया जा रहा वीडियो
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के मुताबिक तल्हा सईद ने अपने संबोधन में कहा कि जब तक वह जीवित है, जिहाद और कुर्बानियों का सिलसिला जारी रहेगा। उसने कथित तौर पर कहा, “जब तक हम जिंदा हैं, हम जिहाद और कुर्बानियां जारी रखेंगे। हम रुकेंगे नहीं।”
वीडियो में दिए गए इस कथित बयान को भारत के खिलाफ उकसावे और कट्टरपंथी विचारों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

तल्हा सईद ने अपने भाषण में दिल्ली के इतिहास का भी उल्लेख किया। वीडियो के अनुसार उसने कहा, “दिल्ली की सत्ता में बैठे लोगों को भूलना नहीं चाहिए कि दिल्ली पर 500 साल तक किसने राज किया और यह दिल्ली किसकी थी।”
इस टिप्पणी के जरिए उसने भारत की राजधानी दिल्ली को लेकर ऐतिहासिक संदर्भ में विवादित दावा करने की कोशिश की।

असीम मुनीर की तारीफ
अपने संबोधन में तल्हा सईद ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख और फील्ड मार्शल असीम मुनीर की भी प्रशंसा की। उसने पाकिस्तान को ऐसा सैन्य नेतृत्व मिलने की बात कही जो “जिहाद, ईमान और परहेजगारी” की बात करता है। तल्हा ने इसे पाकिस्तान के लिए सौभाग्य बताते हुए सैन्य नेतृत्व की सराहना की।
तल्हा सईद का यह कथित बयान ऐसे समय सामने आया है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच सुरक्षा, आतंकवाद और सीमा पार आतंकवाद से जुड़े मुद्दों को लेकर तनाव बना हुआ है। हाफिज सईद लंबे समय से भारत में आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामलों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुख्यात रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *