करनाल जिला स्थानीय हरियाणा

निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने अधिकारियों से ली एक्शन टेकन रिपोर्ट, समयबद्घ कार्रवाई करने के दिए निर्देश।

हाऊस बैठक में पारित प्रस्तावों पर निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने अधिकारियों से ली एक्शन टेकन रिपोर्ट, समयबद्घ कार्रवाई करने के दिए निर्देश।


प्रस्तावों पर तेजी से पहनाएं अमलीजामा, शहरवासियों को समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश।

करनाल 3 सितम्बर, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बीती 3 अगस्त को हुई नगर निगम हाऊस की बैठक में पारित किए गए विभिन्न प्रस्तावों एवं उप-प्रस्तावों पर अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की। बैठक में हाऊस में पारित प्रत्येक प्रस्ताव एवं उप-प्रस्ताव की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं द्वारा एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत कर अब तक की गई कार्रवाई एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी निगमायुक्त को दी गई।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हाऊस में पारित प्रस्तावों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक प्रस्ताव पर तेजी से एवं समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शहरवासियों को इनका वास्तविक लाभ समय पर मिल सके। बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह, उप निगम आयुक्त विनोद नेहरा, अधीक्षण अभियंता पुनीत कुमार, सचिव राम करण भारद्वाज के अतिरिक्त कार्यकारी अभियंता तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

जलापूर्ति एवं सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर।

बैठक में शहर में जलापूर्ति की पाइप लाइन डालने से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित कार्यकारी अभियंता से अब तक किए गए कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर रैम्प, थड़ों अथवा अन्य अतिक्रमण के कारण पाईप लाईन डालने में बाधा आ रही है, वहां आवश्यक एन्फोर्समेंट कार्रवाई करते हुए कार्य को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने शहर की सीवरेज तथा बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि जलभराव एवं सीवरेज से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

अधिकृत कॉलोनियों में अमरूत-2 के कार्यों की डी.पी.आर. जल्द तैयार करने के निर्देश।

उन्होंने नई अधिकृत कॉलोनियों में अमरूत-2 योजना के तहत करवाए जाने वाले विकास कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डी.पी.आर.) शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए आगामी कार्रवाई में तेजी लाएं। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिए कि जो विकास कार्य फिजिबल हैं, उनके अनुमान शीघ्र तैयार कर टेंडर प्रक्रिया में लाए जाएं। वहीं, जो कार्य फिजिबल नहीं हैं, उनकी स्पष्ट रिपोर्ट संबंधित पार्षद को उपलब्ध करवाई जाए, ताकि स्थिति के बारे में उन्हें जानकारी रहे।
विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं।
निगमायुक्त ने अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिए कि शहर में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे हों। उन्होंने कहा कि कोई भी विकास कार्य अनावश्यक रूप से बीच में नहीं रुकना चाहिए। जहां मरम्मत कार्य आवश्यक हैं, वहां उन्हें भी निरंतर करवाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से साइट विजिट करने के निर्देश देते हुए कहा कि मौके पर जाकर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की जांच की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की खामी सामने आने पर उसे समय रहते दूर किया जा सके।
सडक़ों को गड्ढामुक्त करने और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश।
उन्होंने शहर की सडक़ों को गड्ढामुक्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा पोर्टल पर दर्ज करवाई जाने वाली शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण किया जाए। शिकायतों के समाधान की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए। उन्होंने स्ट्रीट लाईट व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शहर की सभी स्ट्रीट लाइटें चालू एवं दुरुस्त रहें। हाई मास्ट लाइटों तथा पार्कों में लगी लाइटों की भी नियमित जांच करवाकर आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर के प्रमुख स्थानों एवं पार्कों में पर्याप्त रोशनी बनी रहे।
पार्कों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश।
उन्होंने शहर के पार्कों के उचित रख-रखाव को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्कों में लगे पेड़-पौधे, झूले, ओपन एयर जिम तथा अन्य सुविधाएं अच्छी स्थिति में होनी चाहिएं। पार्कों की नियमित सफाई, हरियाली एवं रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को ऐसी कार्यप्रणाली विकसित करनी चाहिए, जिससे नागरिकों की शिकायतें कम से कम हों और उन्हें बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
सेक्टर-4, 5 व 16 को नगर निगम में स्थानांतरित करवाने की प्रक्रिया में लाएं तेजी।
बैठक में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से सेक्टर-4, सेक्टर-5 एवं सेक्टर-16 को नगर निगम में स्थानांतरित करवाने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि उपरोक्त सेक्टरों को नगर निगम के अधीन लिया जा सके।
पार्षदों की मांगों को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश।
निगमायुक्त ने कहा कि हाऊस बैठक में पार्षदों द्वारा रखी गई विकास कार्यों की कुछ मांगों में कार्य का विवरण स्पष्ट रूप से अंकित नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित पार्षदों से कार्यों की मांग एवं आवश्यकता को स्पष्ट रूप से दोबारा प्राप्त कर आगामी कार्रवाई की जाए, ताकि विकास कार्यों के अनुमान एवं टेंडर प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न आए।
बंद नलकूपों की सूची तैयार करने के निर्देश।
शहर में बंद पड़े नलकूपों को लेकर निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बंद नलकूपों की स्थानवार सूची तैयार की जाए। साथ ही प्रत्येक स्थान की स्थिति का अध्ययन कर यह भी देखा जाए कि वहां भविष्य में किस प्रकार के कार्य करवाए जा सकते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव एवं कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
निशानदेही के कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश।
निगमायुक्त ने राजस्व एवं भूमि शाखा के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि लंबित निशानदेही के कार्यों को जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने संयुक्त आयुक्त को राजस्व एवं भूमि शाखा के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गति प्रदान करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों से जुड़े भूमि संबंधी मामलों का समय पर निस्तारण हो सके।
कंडम सुलभ शौचालयों को तोडक़र नए बनाने के निर्देश।
उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों पर मौजूद तीन कंडम सुलभ शौचालयों की स्थिति का भी संज्ञान लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि इन जर्जर एवं कंडम शौचालयों को हटाकर इनके स्थान पर नए सुलभ शौचालय बनाने की दिशा में कार्रवाई की जाए। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता को आवश्यक निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर, सुगम एवं समयबद्ध नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसके लिए सभी शाखाएं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा हाऊस में पारित प्रत्येक प्रस्ताव पर निर्धारित समय में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्य की गति, गुणवत्ता और समयबद्धता—तीनों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि विकास कार्यों का लाभ आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *