दिल्ली के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक ITO… और रविवार रात यहां अचानक ऐसा हादसा हुआ, जिसने सड़क पर मौजूद हर शख्स को दहला दिया। एक बेकाबू कार डिवाइडर और रेलिंग तोड़ते हुए दूसरी तरफ पहुंची और सीधे विधायकों से भरी SUV से जा टकराई… हादसे में दो विधायकों समेत 6 लोग घायल हो गए।”

घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे दिल्ली के ITO इलाके में PWD कार्यालय और पुराने पुलिस मुख्यालय के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक, 32 साल के आशुतोष पांडे अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों के साथ स्विफ्ट कार से लक्ष्मी नगर की तरफ से ITO जा रहे थे।
इसी दौरान उनकी कार कथित तौर पर नियंत्रण से बाहर हो गई। कार पहले डिवाइडर से टकराई, फिर रेलिंग तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही एक इनोवा SUV से जा भिड़ी।
इस इनोवा में दिल्ली के किराड़ी से विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल सवार थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा।
हादसे में दोनों विधायकों के अलावा स्विफ्ट में सवार आशुतोष पांडे, उनकी पत्नी और उनके दो बच्चे भी घायल हुए।
पुलिस के अनुसार, सभी 6 लोगों को मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल यानी LNJP ले जाया गया। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
हादसे के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर कार चालक का वाहन पर नियंत्रण कैसे खोया।
एक छोटी-सी लापरवाही… और सड़क पर चलती जिंदगी कुछ ही सेकंड में हादसे में बदल सकती है।
इस हादसे में राहत की बात यही है कि सभी छह घायल खतरे से बाहर हैं।
लेकिन सवाल फिर वही है क्या हमारी सड़कों पर एक पल की लापरवाही की कीमत किसी की जिंदगी होनी चाहिए?
सड़क पर निकलते वक्त रफ्तार नहीं… सुरक्षा को प्राथमिकता दीजिए।

