अन्य

संस्कृत सप्ताह समारोह का उद्घाटन 25 को, मुख्यातिथि होंगे डीएम कौशल कुमार

दरभंगा : कामेश्वरसिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में 25 से 31 अगस्त तक कुलपति प्रो० लक्ष्मी निवास पाण्डेय की अध्यक्षता में संस्कृत सप्ताह समारोह- 2026 का आयोजन किया जाएगा। मुख्य भवन के दरबार हॉल में स्नातकोत्तर विभाग,शिक्षाशास्त्र विभाग,म.अ.रमेश्वरलता संस्कृत महाविद्यालय एवं संस्कृत भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की वृहत तैयारी की जा रही है।
उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि 25 अगस्त मंगलवार को दरबार हॉल में उद्घाटन सत्र के मुख्यातिथि दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार होंगे । विशिष्ट अतिथि एलएनएमयू के सेवानिवृत प्राध्यापक प्रो.अशोक कुमार बच्चन तथा साररस्वत अतिथि के रूप में संस्कृत विश्वविद्यालयके पूर्व कुलपति प्रो.शशिनाथ झा को आमंत्रित किया गया है । उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता कुलपति प्रो.लक्ष्मीनिवास पाण्डेय करेंगे । विशिष्ट उपस्थिति स्नातकोत्तर प्रभारी प्रो.दिलीप कुमार झा तथा कुलसचिव डॉ.दिनेश झा की होगी।
कार्यक्रम के अगले दिन 26 को शास्त्र चर्चा होगी। इसमें सभी विभागों के प्राध्यापक एवं शोधछात्र शास्त्रीय चर्चा करेंगे । इसी क्रम में 27 को शैक्षिक स्पर्धाओं का आयोजन होगा। इसमें दरभंगा शहर के सरकारी एवं निजी विद्यालयों की 06 से 10 कक्षा के छात्रों व छात्राओं को भी आमन्त्रित किया गया है। इसमें दो स्तरों पर स्पर्धा निर्धारित की गई है जिसमें उच्चस्तर के बच्चे भी शरीक होंगे । विद्यालयस्तर में पूर्व से निर्धारित 10 श्लोकों का वाचन तथा संस्कृतभाषायाः महत्त्वम् पर भाषण प्रतियोगिता निर्धारित की गयी है । वहीं उच्चस्तर पर संस्कृतक्षेत्रे उद्यमितायाः अवसराः विषय पर उपशास्त्री ,शास्त्री,शिक्षाशास्त्री तथा आचार्य कक्षाओं के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे । सभी सफल प्रतिभागियों को पुररस्कार राशि एवं प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा ।
कार्यक्रम के चौथे दिन श्रावणी पूर्णिमा रक्षाबंधन के दिन संस्कृत दिवस के उपलक्ष्य में प्रातः विश्वविद्यालय परिसर से संस्कृत शोभा यात्रा निकाली जाएगी । उसके बाद साढे आठ बजे से परिसर में उपाकर्म का कार्यक्रम होगा । पांचवें दिन 29 को संस्कृतं विज्ञानं च विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई है। इसमें मुख्यातिथि के रूप में दरभंगा के न्यायिक दण्डाधिकारी नयन कुमार सिंह मुख्यातिथि तथा एलएनएमयू के रसायनशास्त्र पीजी विभाग के डॉ.सोऩूराम शंकर मुख्य वक्ता होंगे। छठे दिन 30 को 2 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें संस्कृत नाटक, गीतम, वाद्य, अभिनय आदि की प्रस्तुतियां दी जाएंगी । सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश भागलपुर के प्रशान्त कुमार झा मुख्यातिथि तथा जिला कला संस्कृति पदाधिकारी दरभंगा विशिष्टातिथि के रूप में आमंत्रित किये गये हैं। वहीं डॉ.कृष्णकान्त झा तथा डॉ.विपिन कुमार झा सारस्वत अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसी तरह 31 अगस्त को समारोह के समापन कार्यक्रम में पूर्व कुलपति प्रो.रामचन्द्र झा सारस्वत अतिथि ,मुख्यातिथि संस्कृतभारती बिहार-झारखंड के क्षेत्र मन्त्री प्रो.श्री प्रकाश पाण्डेय तथा विशिष्टातिथि वित्त परामर्शी इन्द्र कुमार आमंत्रित किये गये हैं। वहीं,
विशेष कार्य पदाधिकारी (शैक्षणिक ) डॉ.रामसेवक झा ने बताया कि इस तरह का आयोजन 25-31 अगस्त तक संस्कृत विश्वविद्यालय से सम्बन्धित सभी महाविद्यालयों में किये जायेंगे। बता दें कि विश्वविद्यालय में संस्कृत सप्ताह के सफल आयोजन हेतु एक समिति का गठन किया गया है जिसमें कुलपति प्रो० लक्ष्मीनिवास पाण्डेय समारोह समिति के संरक्षक हैं। वहीं, अध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो० पुरेन्द्र वारिक को समिति का अध्यक्ष, समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ० सुधीर कुमार को संयोजक जबकि कुलसचिव डॉ० दिनेश झा को निवेदक नामित किया गया है। इसी तरह गठित आयोजन समिति में डॉ० एल् सविता आर्या, डॉ० श्याम सुन्दर ठाकुर, डॉ० रामसेवक झा, डॉ० वरुण कुमार झा, डॉ० प्रमोद कुमार मिश्र शामिल किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *