दरभंगा

स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में दरभंगा प्रेक्षागृह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने दर्शकों में भरा राष्ट्रप्रेम का उत्साह, शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में कार्यक्रम

दरभंगा, 15 अगस्त, 2026 :-स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में दरभंगा प्रेक्षागृह में जिला प्रशासन, दरभंगा के तत्वावधान में भव्य एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न स्थानीय विद्यालयों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं की टीमों द्वारा देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम एवं स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा से ओत-प्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री सलीम अख्तर, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री विद्यानंद ठाकुर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार यादव, जिला जन संपर्क पदाधिकारी श्री आशीष अमन तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में माननीय मंत्री, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, श्री मदन सहनी की भी गरिमामयी उपस्थिति थी।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गान से हुई। इसके उपरांत विभिन्न विद्यालयों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं की टीमों द्वारा देशभक्ति गीत, स्वागत गीत, नृत्य, सामूहिक नृत्य, वाद्य संगीत एवं नाटक सहित अनेक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

देशभक्ति गीतों एवं सामूहिक नृत्य की प्रस्तुतियों ने पूरे प्रेक्षागृह को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। विभिन्न टीमों के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति से दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दरभंगा प्रेक्षागृह कलाकारों एवं दर्शकों से पूरी तरह भरा रहा।

पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रेक्षागृह में उत्साह, उमंग एवं राष्ट्रप्रेम का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में जिला प्रशासन के पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला शिक्षा पदाधिकारी, दरभंगा श्री विद्यानंद ठाकुर कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे तथा कार्यक्रम के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन श्री राम बुझावन यादव द्वारा प्रभावी एवं आकर्षक ढंग से किया गया। उन्होंने प्रत्येक सांस्कृतिक प्रस्तुति का परिचय देते हुए दर्शकों को कार्यक्रम से जोड़े रखा।

इस अवसर पर अनेक प्रशासनिक पदाधिकारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकार, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का समापन ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। वंदे मातरम् की गूंज से पूरा प्रेक्षागृह राष्ट्रभक्ति की भावना से भर उठा और स्वतंत्रता दिवस समारोह का यह सांस्कृतिक आयोजन गरिमापूर्ण, भव्य एवं यादगार रूप में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *