डेस्क: दुनियाभर के कमोडिटी बाजारों में मेटल की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। सोना, चांदी, तांबा, जिंक और एल्युमीनियम जैसी धातुओं में गिरावट का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिख रहा है। सोमवार (23 नवंबर) को निफ्टी मेटल इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा टूट गया। टाटा स्टील, हिंदुस्तान कॉपर, SAIL, NMDC और नेशनल एल्युमीनियम के शेयरों में भी 5.5 फीसदी तक की गिरावट आई।
मॉर्गन स्टेनली के मुताबिक, अमेरिका में महंगाई बढ़ने, बॉन्ड यील्ड में तेजी और ब्याज दरें ऊंची बने रहने की आशंका से मेटल की कीमतों पर दबाव है। इसके अलावा AI सेक्टर में निवेश को लेकर बढ़ती चिंता भी इसकी वजह है।
सोना: लंबी अवधि में तेजी की उम्मीद
मॉर्गन स्टेनली का मानना है कि सोने की लंबी अवधि की संभावनाएं अभी मजबूत हैं। दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों की खरीदारी और गोल्ड ETF से सीमित निकासी इसे सहारा दे रही है। ब्याज दरों में बढ़ोतरी का डर कम होने पर सोने में फिर तेजी आ सकती है।
तांबा: गिरावट में खरीदारी का मौका?
तांबे की कीमतों में हालिया कमजोरी के बावजूद ब्रोकरेज का नजरिया सकारात्मक है। मॉर्गन स्टेनली ने 2027 में इसकी औसत कीमत 13,675 डॉलर प्रति टन रहने का अनुमान लगाया है। सप्लाई की संभावित कमी लंबी अवधि में कीमतों को सहारा दे सकती है।
एल्युमीनियम और जिंक पर दबाव
एल्युमीनियम में 2027 के दौरान अतिरिक्त सप्लाई आने की आशंका है। इंडोनेशिया और अंगोला में उत्पादन बढ़ने से कीमतों पर दबाव रह सकता है। वहीं जिंक में खनन उत्पादन घटने से सप्लाई सीमित हो सकती है, लेकिन कमजोर मांग इसकी तेजी को रोक सकती है।
निकेल के लिए इंडोनेशिया अहम
निकेल की कीमतों की दिशा काफी हद तक इंडोनेशिया की खनन नीति पर निर्भर करेगी। 2027 के उत्पादन कोटे में सख्ती से सप्लाई प्रभावित हो सकती है। कुल मिलाकर, मेटल बाजार में फिलहाल उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।



