डेस्क: शादी-ब्याह के सीजन में सोने की मांग बढ़ने के बीच सर्राफा बाजार में मिलावट की खबरों ने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। सोने में दुर्लभ धातु रेनियम पाउडर मिलाए जाने की आशंकाओं से इसकी शुद्धता पर सवाल उठने लगे हैं। इस खुलासे ने न सिर्फ गहने खरीदने वाले लोगों का भरोसा डगमगाया है, बल्कि सरकारी हॉलमार्किंग व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात यह हैं कि ग्राहक अब सोना खरीदने से पहले उसकी शुद्धता को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं। इसका असर खुदरा बाजार की खरीदारी पर भी दिखाई देने लगा है और ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ गई है।
कैसे हो रही है सोने में मिलावट?
अब तक सोने में मिलावट के लिए तांबा और चांदी जैसी धातुओं का इस्तेमाल किया जाता था लेकिन अब रेनियम पाउडर के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि रेनियम का घनत्व करीब 21 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर है, जबकि शुद्ध सोने का घनत्व लगभग 19.3 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर होता है।
आरोप है कि सोना पिघलाते समय इसमें रेनियम मिलाने से गहने का आकार बदले बिना उसका वजन बढ़ाया जा सकता है। इससे कम शुद्धता वाले सोने को ज्यादा कैरेट का बताकर बेचने का खतरा पैदा हो गया है।
XRF मशीन भी नहीं पकड़ पा रही मिलावट?
इस मामले में सबसे बड़ी चिंता जांच तकनीक को लेकर है। ज्वेलरी शोरूम में इस्तेमाल होने वाली एक्स-रे फ्लोरोसेंस (XRF) मशीन मुख्य रूप से गहने की सतह की जांच करती है। ऐसे में अंदर छिपाई गई मिलावट का पता लगाना मुश्किल हो सकता है। इसी वजह से जांच के मौजूदा तरीकों को और मजबूत बनाने की मांग उठ रही है।
इंडस्ट्री में नाराजगी
कुछ हॉलमार्किंग केंद्रों की मिलीभगत से फर्जी शुद्धता रिपोर्ट जारी होने के आरोपों ने पूरे सिस्टम की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। व्यापारिक संगठनों ने सरकार से रेनियम के आयात पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और इस पूरे मामले पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) और जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (GJEPC) जैसे शीर्ष संगठनों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। ज्वेलर्स इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि जब तक जांच की नई तकनीकें पूरी तरह लागू नहीं हो जातीं, तब तक ग्राहकों को सतर्क रहना होगा।
ज्वेलर्स एसोसिएशन की चेतावनी
ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मुंबई जवेरी बाजार ज्वेलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुमार जैन कहते हैं कि सोने में रेनियम धातु की मिलावट को लेकर रिपोर्ट सामने आ रही हैं इसमें सच्चाई है। इस धातु को सोने के अंदर एक खास जगह पर फिट किया जाता है, जिससे सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। जैन ने बताया कि मुंबई में सोने की शुद्धता जांचने के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनें उपलब्ध हैं। इन मशीनों के जरिए सोने में मौजूद अलग-अलग धातुओं और उनकी मात्रा की जानकारी मिलती है।
BIS ने बुलाई विशेष बैठक
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने 23 नवंबर को विशेष बैठक बुलाई। ज्वेलरी संगठनों ने भी सरकार से मामले की जांच और रेनियम के आयात पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
ज्वेलर्स एसोसिएशन ने ग्राहकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खरीदारी करते समय प्रतिष्ठित ज्वेलर को प्राथमिकता दें। गहने पर मौजूद 6 अंकों के HUID नंबर को BIS Care App पर जरूर जांचें। इसके अलावा पक्का GST बिल लें, जिसमें सोने का कैरेट और वजन स्पष्ट लिखा हो।
विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल घबराने के बजाय सतर्क रहना जरूरी है। सोने की खरीदारी में हॉलमार्क, बिल और ज्वेलर की विश्वसनीयता की जांच जरूर करें।



