डेस्क : 16 अगस्त को बिहार के उत्तरी जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने मोतिहारी, दरभंगा समेत 12 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि अन्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर, दक्षिण बिहार में अगले 24 घंटे तक झमाझम बरसात की संभावना कम है। कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार में भी मॉनसून कमजोर रहने के आसार हैं। राजधानी पटना में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान की मानें तो रविवार, 16 अगस्त को बिहार के उत्तर पश्चिम और उत्तर मध्य भाग के जिलों में मॉनसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और बारिश होने की पूरी संभावना नजर आ रही है। हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली यानी ठनका गिरने का भी खतरा बना रहेगा।
मोतिहारी समेत 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 16 अगस्त को बिहार के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की है। इनमें पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), पश्चिम चंपारण (बेतिया), गोपालगंज, सीवान और सारण (छपरा) जिले शामिल हैं। लोगों से खराब मौसम में पक्के मकान की शरण लेने और पेड़-खंभों आदि से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
दरभंगा समेत 7 जिलों में येलो अलर्ट
रविवार को उत्तर बिहार के 7 अन्य जिलों में येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। इसके तहत दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और मधुबनी जिले के कुछ इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है।
पटना का मौसम
राजधानी पटना में 16 अगस्त को बादल छाए रहेंगे। रविवार को शहर में बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, भारी बारिश की संभावना नहीं है। दिन का तापमान 34 डिग्री और रात का 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मॉनसून की बेरुखी से बढ़ी उमस भरी गर्मी
बिहार में मॉनसून की बेरुखी से तापमान में बढ़ोतरी हुई है। शनिवार 15 अगस्त को राज्य में एक-दो जगहों को छोड़कर कहीं भी बारिश नहीं हुई। पटना, गयाजी, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, मोतिहारी, दरभंगा, पूर्णिया समेत अधिकतर जिलों में लोग बरसात का इंतजार करते रहे।
इस दौरान दिन के पारे में उछाल आया। पटना, अरवल, मोतिहारी, जहानाबाद, भागलपुर, समस्तीपुर जैसे जिलों में 1 से डेढ़ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। अररिया के फारबिसगंज में सर्वाधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। शनिवार को पटना में 34.5, कैमूर में 35.4, भागलपुर में 34.2, छपरा में 35, मोतिहारी में 35.6, पूर्णिया में 35 और समस्तीपुर में 33.8 डिग्री सेल्सियस पारा रहा।

