डेस्क : उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी में केवल बीएस-6 मानक वाले वाहनों को अनुमति देने पर विचार कर रहा है। न्यायालय ने वायु प्रदूषण के मामले पर सुनवाई के दौरान दिल्ली-एनसीआर में बार-बार पैदा हो रहे वायु प्रदूषण के संकट पर चिंता जताई। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ वायु प्रदूषण से संबंधित नियामक ढांचे की समीक्षा से जुड़े एक स्वतः संज्ञान मामले की सुनवाई कर रही थी।
न्यायमूर्ति बागची ने सुनवाई के दौरान कहा, ”हमारा रुख स्पष्ट है, हम दिल्ली में केवल बीएस6 वाहन चाहते हैं, भले ही एनसीआर में ऐसा न हो।” बीएस-6 (भारत स्टेज-6) वाहन वे मोटर वाहन हैं, जिनका निर्माण, बिक्री और पंजीकरण भारत में एक अप्रैल 2020 से लागू किए गए कड़े उत्सर्जन मानकों के अनुरूप होता है। ये वाहन यूरो-6 मानकों के लगभग समान हैं और पुराने बीएस-4 वाहनों की तुलना में इनके धुएं से निकलने वाले हानिकारक प्रदूषकों की मात्रा काफी कम होती है। शीर्ष अदालत ने दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वाले वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ-साथ आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ”क्या ऐसा कोई इंतजाम किया जा सकता है कि… सीमा पर कुछ गोदाम बनाए जाएं, जहां से सामान को शहर के भीतर लाने के लिए बैटरी से चलने वाले या प्रदूषण नहीं फैलाने वाले दूसरे वाहनों का इस्तेमाल किया जा सके। इस तरह की व्यवस्था शायद इस साल या अगले साल संभव न हो, लेकिन अगले पांच वर्षों में इसे क्यों नहीं लागू किया जा सकता, ताकि दिल्ली में एक भी वाणिज्यिक वाहन प्रवेश न कर सके।”
उच्चतम न्यायालय ने सुनवाई के दौरान वायु प्रदूषण के मुद्दे पर एनसीआर में शामिल राज्यों से उनकी जवाबदेही तय करने को कहा और सवाल किया कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग क्यों नहीं ले रहे हैं। न्यायालय ने हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और अन्य संबंधित राज्यों को निर्देश दिया कि वे एनसीआर में वायु प्रदूषण कम करने के लिए उठाए गए कदमों का ब्योरा देते हुए वस्तु स्थिति रिपोर्ट दाखिल करें।
दिल्ली-एनसीआर में बार-बार पैदा हो रहे वायु प्रदूषण के संकट पर गंभीर चिंता जताते हुए उच्चतम न्यायालय ने पहले कहा था कि वाहनों से निकलने वाला धुआं वायु गुणवत्ता खराब होने का एक प्रमुख कारण है। उसने अधिकारियों से यह भी सवाल किया था कि कई नियामक उपाय किए जाने के बावजूद वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) अब भी चिंताजनक स्तर पर क्यों बना हुआ है। पीठ ने दिल्ली को गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत आसपास के इलाकों से जोड़ने वाली सड़कों पर बड़ी संख्या में वाहनों के चलने की ओर ध्यान दिलाया था।



