मनोरंजन

‘तुम्हारी इमेज खत्म कर दूंगा…’, जब सुभाष घई ने ऐश्वर्या राय को दी थी चेतावनी, फिर ‘ताल’ ने रचा इतिहास

डेस्क: सुभाष घई की फिल्म ‘ताल’ (Lake) हिंदी सिनेमा की यादगार म्यूजिकल फिल्मों (Musical films) में गिनी जाती है। 1999 में रिलीज हुई इस फिल्म में ऐश्वर्या राय, अक्षय खन्ना और अनिल कपूर (Akshaye Khanna and Anil Kapoor) मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म की कहानी और अभिनय के साथ इसके गाने भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुए। एआर रहमान का संगीत आज भी ‘ताल’ की सबसे बड़ी खासियतों में शामिल है।
फिल्म के 27 साल पूरे होने के मौके पर सुभाष घई ने इसके निर्माण और कलाकारों की कास्टिंग से जुड़े कई किस्से साझा किए। एक इंटरव्यू में उन्होंने ऐश्वर्या राय को लेकर ऐसा किस्सा सुनाया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया।
ऐश्वर्या से क्यों बोले थे- ‘तुम्हारी इमेज खत्म कर दूंगा’
सुभाष घई ने बताया कि ऐश्वर्या राय को फिल्म में लाने में कोरियोग्राफर सरोज खान की अहम भूमिका थी। उस समय ऐश्वर्या मिस वर्ल्ड का खिताब जीत चुकी थीं और ग्लैमर व ब्यूटी की दुनिया में उनकी मजबूत पहचान बन चुकी थी।
घई ऐसे कलाकार की तलाश में थे, जो फिल्म की कहानी के साथ-साथ उसके डांस सीक्वेंस की मांग को भी पूरा कर सके। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने सरोज खान से माधुरी दीक्षित के अलावा किसी अन्य अभिनेत्री के बारे में पूछा तो उन्होंने ऐश्वर्या का नाम सुझाया।
घई के मुताबिक, ऐश्वर्या से उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि वह फिल्म में उनकी मौजूदा ग्लैमरस छवि को बदलना चाहते हैं। उन्होंने ऐश्वर्या से कहा था, “मुझे तुम्हारी इमेज बर्बाद करनी है।” फिल्ममेकर ने बताया कि ‘ताल’ में ऐश्वर्या के किरदार को उनकी वास्तविक ग्लैमरस छवि से अलग दिखाना जरूरी था। इसी वजह से उन्होंने फिल्म के शुरुआती हिस्से में उनके किरदार को बिना मेकअप के रखने का फैसला किया था।

सुभाष घई ने फिल्म में अक्षय खन्ना की कास्टिंग का किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उस समय अक्षय का फिल्मी करियर शुरुआती दौर में था और ‘ताल’ उनकी दूसरी फिल्मों में से एक थी
घई के मुताबिक, अभिनेता विनोद खन्ना खुद अक्षय को लेकर उनके घर पहुंचे थे और फिल्म में कास्ट करने की सिफारिश की थी। अक्षय से मुलाकात के बाद घई को उनका व्यक्तित्व पसंद आया। उन्होंने कहा कि उन्हें अक्षय में एक तरह की ‘इंटेंसिटी’ नजर आई, जो फिल्म के किरदार के लिए जरूरी थी।
‘ताल’ ने तीनों कलाकारों को दिलाई बड़ी पहचान
1999 में रिलीज हुई ‘ताल’ को सुभाष घई ने लिखा, प्रोड्यूस और डायरेक्ट किया था। फिल्म में अनिल कपूर, ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना प्रमुख भूमिकाओं में थे। म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा के तौर पर बनी इस फिल्म को भारत के साथ-साथ विदेशों में भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और यह बड़ी व्यावसायिक सफलता साबित हुई।
फिल्म ने खास तौर पर ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना के करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं अनिल कपूर के अभिनय और एआर रहमान के संगीत ने भी ‘ताल’ को लंबे समय तक यादगार बनाए रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *