दरभंगा

सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

डीएम ने संस्थागत एवं सिजेरियन प्रसव समेत शिशु चिकित्सा, हड्डी रोग, दंत चिकित्सा एवं सामान्य सर्जरी सेवाओं का किया शुभारंभ

 

दरभंगा, 29 सितंबर 2026 :- जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में मरीजों को बेहतर, सुलभ एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

 

जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में संस्थागत प्रसव, सिजेरियन प्रसव, शिशु चिकित्सा, हड्डी रोग, दंत चिकित्सा एवं सामान्य सर्जरी से संबंधित चिकित्सा सेवाओं का फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर शुभारंभ किया।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जिले के आम नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

 

अस्पताल में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के संचालन से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त होगी तथा गंभीर अथवा आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता में कमी आएगी।

 

उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं चिकित्सकों को निर्देश दिया कि अस्पताल में प्रारंभ की गई सभी सेवाओं का सुचारू एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।

 

मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श, जांच, उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ अस्पताल परिसर में स्वच्छता, मरीजों की सुविधा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

 

सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में संस्थागत प्रसव एवं सिजेरियन प्रसव सेवाओं के संचालन से गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही शिशु चिकित्सा सेवा के माध्यम से नवजात एवं बच्चों को आवश्यक चिकित्सकीय उपचार मिल सकेगा।

 

वहीं हड्डी रोग, दंत चिकित्सा तथा सामान्य सर्जरी की सेवाओं के प्रारंभ होने से विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों को अस्पताल स्तर पर ही आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।

 

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं के नियमित संचालन एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों का मुख्य उद्देश्य मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं सम्मानजनक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

 

उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

 

कार्यक्रम के पश्चात जिलाधिकारी दरभंगा द्वारा अस्पताल के परिसर में आम का पौधा लगाया गया।

 

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत,सिविल सर्जन डॉ.अरुण कुमार, प्रभारी उपाधीक्षक सदर अस्पताल, गंगवाड़ा-सह-स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण, डीपीएम स्वास्थ्य श्री प्रभात कुमार राजू, डीसीएम श्री रवि कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *