डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात करीब आधे घंटे तक चली।
इस दौरान जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुलाकात की तस्वीरें अपने एक्स अकाउंट पर साझा करते हुए इसे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ शिष्टाचार भेंट बताया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार को राज्य सरकार की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इसके अलावा सरकार की आगामी योजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।
15 अगस्त को हो सकती हैं बड़ी घोषणाएं
स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं किए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान उन्होंने नीतीश कुमार को इन प्रस्तावित घोषणाओं और सरकार की आगामी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सरकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकास और जनकल्याण से जुड़े कई अहम फैसलों का ऐलान कर सकती है। ऐसे में नीतीश कुमार के साथ मुख्यमंत्री की यह मुलाकात राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
तिरंगा रैली को दिखाई हरी झंडी
इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को हवेली खड़गपुर में तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाई और स्वतंत्रता दिवस से पहले चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अंबेडकर चौक पर डॉ. बी.आर. आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया। इससे पहले उन्होंने अपने सरकारी आवास पर भी तिरंगा फहराया।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस देशभक्ति अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।

