डेस्क: करीब दो साल के लंबे इंतजार के बाद सरफराज खान की भारतीय टेस्ट टीम में वापसी हो गई है। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए उन्हें चोटिल साई सुदर्शन के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। बेटे की इस वापसी पर सरफराज के पिता नौशाद खान ने बेहद भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने मेहनत और किस्मत के रिश्ते को बयां करते हुए कहा कि कई रातों के बाद सूरज जरूर निकला है।
करीब दो साल बाद टेस्ट टीम में वापसी
सरफराज खान ने आखिरी बार नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था। उस घरेलू सीरीज में टीम इंडिया को 12 साल बाद अपनी सरजमीं पर टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी थी। इसके बाद सरफराज भारतीय टेस्ट सेटअप से बाहर हो गए थे। अब साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद उनके लिए दोबारा टीम में जगह बनाने का रास्ता खुला है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाना है और सरफराज भारतीय टीम के साथ जुड़ चुके हैं।
पिता नौशाद ने बेटे के लिए लिखा भावुक संदेश
सरफराज की वापसी पर उनके पिता नौशाद खान ने सोशल मीडिया पर एक खास संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा— ‘भले निकला है कई रातों के बाद सूरज, भले निकला है कई रातों के बाद, लेकिन मेहनत को मिलता है हमेशा किस्मत का साथ।’ नौशाद का यह संदेश सरफराज के लंबे संघर्ष और लगातार मेहनत की ओर इशारा करता है। बेटे को एक बार फिर भारतीय टेस्ट टीम में देखकर उनके परिवार के लिए यह पल बेहद खास है।
टेस्ट करियर में ऐसा रहा सरफराज का प्रदर्शन
भारतीय टीम के लिए अब तक सरफराज खान ने 371 टेस्ट रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 37.1 का रहा है। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर 150 रन है, जो उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था। अब श्रीलंका दौरे पर सरफराज के सामने खुद को दोबारा साबित करने का बड़ा मौका होगा।
IPL 2026 में भी दिखाया दम
टेस्ट टीम में वापसी से पहले सरफराज ने आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए भी उपयोगी प्रदर्शन किया था।उन्होंने सीएसके के लिए पांच मुकाबलों में 161 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 32.2 और स्ट्राइक रेट 214.67 रहा। उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी आया। टी20 क्रिकेट में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भी टीम मैनेजमेंट का ध्यान खींचा।
श्रीलंका सीरीज में बड़ी जिम्मेदारी
साई सुदर्शन के चोटिल होकर पूरी दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर होने के बाद सरफराज को टीम में शामिल किया गया है। अब उनके पास श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अपनी दावेदारी मजबूत करने का मौका है। भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा। सरफराज की वापसी ने भारतीय मिडिल ऑर्डर को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है। लंबे समय तक टीम से बाहर रहने के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि सरफराज इस मौके को बल्ले से कितना खास बनाते हैं।

