खेल

भारतीय टीम के लिए आई राहत भरी खबर, शुभमन गिल ने शुरू की बैटिंग प्रैक्टिस

डेस्क:श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के आगाज से पहले भारतीय टीम के लिए राहत भरी खबर आई है। टीम के नियमित कप्तान शुभमन गिल ने रविवार को फिर से बैटिंग प्रैक्टिस शुरू कर दी है। गिल उंगली की चोट के कारण श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ जारी वॉर्मअप मैच में बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। गुरुवार को प्रैक्टिस सेशन के दौरान बैटिंग करते समय गिल की दाहिने हाथ की अनामिका (रिंग फिंगर) उंगली में चोट लग गई थी, जिसके बाद वह वॉर्मअप मैच के पहले दिन फील्डिंग करने मैदान पर नहीं उतरे थे। गिल की गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने टीम की कमान संभाली थी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक बयान जारी करते हुए बताया था कि उंगली की चोट के कारण एहतियात के तौर पर गिल पहले दिन फील्डिंग करने नहीं उतरेंगे। हालांकि, शुभमन दूसरे दिन बल्लेबाजी करने भी नहीं आए और उनके स्थान पर रवींद्र जडेजा ने नंबर चार पर आकर बल्लेबाजी की।
हालांकि, सीरीज के पहले मैच में भारतीय कप्तान की उपलब्धता को लेकर चिंताएं प्रैक्टिस मैच के आखिरी दिन काफी हद तक दूर हो गईं, क्योंकि 26 वर्षीय गिल को साइड नेट्स में लंबे बैटिंग सेशन में पूरी तरह हिस्सा लेते देखा गया। तस्वीरों में गिल बिना किसी परेशानी के तेज गेंदबाजों और स्पिनरों का सामना करते दिखे। 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले पहले टेस्ट की शुरुआत से पहले गिल का प्रैक्टिस सेशन में लौटना भारतीय टीम के लिए राहत भरी खबर है। कोलंबो में रविवार को वॉर्मआप मैच खत्म होने के बाद भारतीय टीम गॉल के लिए रवाना होगी।
सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के ऐतिहासिक सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) ग्राउंड पर खेला जाएगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) प्वाइंट्स टेबल में फिलहाल पांचवें स्थान पर मौजूद भारत को फाइनल में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को बढ़ाने के लिए श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दमदार प्रदर्शन करना होगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *