राष्ट्रीय

मैहर के सरकारी स्कूल में पढ़ाई छोड़ छात्रों को दिखाई ‘धुरंधर’ फिल्म, वीडियो वायरल होने पर प्राचार्य को नोटिस

डेस्क: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मैहर जिले के कठहा शासकीय विद्यालय (Kathaha Government School) में कक्षा के दौरान छात्रों (Students) को फिल्म (Movie) दिखाए जाने का मामला चर्चा में है। आरोप है कि 11वीं विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं को नियमित पढ़ाई के समय एलईडी टीवी/प्रोजेक्टर पर ‘धुरंधर’ फिल्म दिखाई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है।
जानकारी के मुताबिक, फिल्म प्रदर्शन के दौरान विद्यालय में अतिथि शिक्षक हंसराज पटेल भी मौजूद थे। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए कि शिक्षण अवधि में विद्यार्थियों को फिल्म क्यों दिखाई गई और इसके लिए किसकी अनुमति ली गई थी।
सीएम हेल्पलाइन में भी हुई शिकायत
मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

प्राचार्य को जारी हुआ नोटिस
वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) सलोनी शर्मा ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) से विस्तृत प्रतिवेदन तलब किया है और विद्यालय की प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
डीईओ सलोनी शर्मा ने कहा, “कठहा के शासकीय विद्यालय का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बच्चे ‘धुरंधर’ फिल्म देखते दिखाई दे रहे हैं। मामला संज्ञान में आते ही जांच के निर्देश दिए गए हैं। बीईओ से रिपोर्ट मांगी गई है और विद्यालय की प्राचार्य को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।” फिलहाल शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *